PM Modi Speech on Congress: लोकसभा में मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर हुई दो दिवसीय बहस के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पक्ष रखा. उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि जब भारत के जांबाज सैनिकों ने आतंकियों को करारा जवाब दिया, तब पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी थी, लेकिन देश के भीतर कांग्रेस पार्टी ने उनका साथ नहीं दिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के पाकिस्तान को लेकर रुख पर भी तंज कसा है. पीएम ने कहा, ‘एक ओर भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अब भी पाकिस्तान पर निर्भर होती जा रही है. उन्हें मुद्दे भी पाकिस्तान से इम्पोर्ट करने पड़ते हैं!’
PM का तंज ’56 इंच की छाती’ अब कहां है’?
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘हमें दुनिया के देशों का समर्थन मिला, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि मेरे देश के वीरों के पराक्रम को कांग्रेस का समर्थन नहीं मिला. 22 अप्रैल के आतंकी हमले के बाद तीन-चार दिन में ही ये उछल रहे थे और कह रहे थे कि कहां गई 56 इंच की छाती. कहां खो गया मोदी और मोदी तो फेल हो गया जैसी बातें कही गई. ये लोग मजा ले रहे थे और उनको लगता था कि बाजी मार ली. वह पहलगाम के निर्दोष लोगों की हत्या में भी अपनी राजनीति तलाशते थे.
अपनी स्वार्थी राजनीति के लिए मुझ पर निशाना साध रहे थे, लेकिन उनकी यह बयानबाजी और छिछोरापन देश के सुरक्षा बलों का मनोबल गिरा रहा था. कांग्रेस को न तो भारत के सामर्थ्य पर भरोसा है और न ही भारत की सेनाओं पर भरोसा है. वह लगातार ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठा रहे हैं. ऐसा करके आप लोग मीडिया में हेडलाइन तो ले सकते हैं, लेकिन देशवासियों के दिलों में जगह नहीं बना सकते.’
‘कांग्रेस की वजह से हमें अक्साई चिन खोना पड़ा’
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ‘कांग्रेस की वजह से हमें अक्साई चिन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को खोना पड़ा’ और आज देश कांग्रेस की गलतियों की सजा भुगत रहा है. कांग्रेस ने बार-बार देश की सुरक्षा से समझौता किया है. कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम कोई नया नहीं है, ये पुरानी कहानी है.’
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर झूठ और प्रचार को बढ़ाने का आरोप लगाया. पीएम मोदी ने कहा, ’10 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत हो रहे एक्शन को रोकने की घोषणा की. इसको लेकर यहां भाती-भाती की बातें कही गई. ये वही प्रोपेगेंडा है, जो सीमा पार से फैलाया गया है. कुछ लोग सेना द्वारा दिए गए तथ्यों की जगह पाकिस्तान के झूठ और प्रचार को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं, जबकि भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है.”
राहुल गांधी के सवाल पर PM ने दिया करारा जवाब
पीएम मोदी ने लोकसभा में विदेश नीति पर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘विदेश नीति को लेकर यहां काफी बातें की गई और दुनिया के समर्थन को लेकर भी बात की गई. मैं आज सदन में स्पष्ट रूप से बताना चाहता हूं कि दुनिया के किसी भी देश ने भारत को अपनी सुरक्षा में कार्रवाई करने से नहीं रोका है. संयुक्त राष्ट्र के 193 देशों में से सिर्फ तीन देशों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में बयान दिया था. क्वाड हो या ब्रिक्स हो या फिर फ्रांस, रूस या जर्मनी समेत किसी भी देश का नाम ले लीजिए, दुनिया भर से भारत को समर्थन मिला है.’
ये भी पढ़ें: लोकसभा में पीएम मोदी का पलटवार- ‘ऑपरेशन महादेव’ को लेकर विपक्ष का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

