बिहार के गोपालगंज जिले स्थित थावे जंक्शन को नई पहचान मिलने जा रही है. ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत स्टेशन के पहले चरण का नवीनीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका वर्चुअल उद्घाटन करेंगे.
इस योजना के अंतर्गत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिसमें यात्रियों की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म 1, 2 और 3 का विस्तार, शेड का निर्माण, मुख्य द्वार, शौचालय, और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं. बुकिंग कार्यालय और प्रतीक्षालय का भी नवीनीकरण किया गया है ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके.
स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि थावे जंक्शन को योजना में शामिल कर पहले चरण के तहत आवश्यक निर्माण और नवीनीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी गई.
स्थानीय निवासी ओमप्रकाश राय ने बताया कि पहले इस स्टेशन पर यात्रियों विशेषकर दिव्यांगों और महिलाओं को खासी दिक्कतें होती थीं. पार्किंग और स्वच्छता की कमी मुख्य समस्या थी, लेकिन अब स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है. उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया.
‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ का उद्देश्य केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करना नहीं, बल्कि भविष्य की मांगों के अनुसार दीर्घकालिक मास्टर प्लान के तहत स्टेशनों का पुनर्विकास करना है. यह योजना स्टेशन को सिर्फ परिवहन का केंद्र नहीं, बल्कि जीवंत ‘शहर केंद्र’ (Urban Hub) के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




