Bharat Express DD Free Dish

तमिलनाडु : ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत मन्नारगुडी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प, पीएम मोदी 22 मई को वर्चुअली करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत तमिलनाडु के मन्नारगुडी रेलवे स्टेशन सहित 103 पुनर्विकसित स्टेशनों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे.

Mannargudi Railway Statio
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में स्थित 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे. इस योजना के तहत कुल 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किए गए इन स्टेशनों में तमिलनाडु के तिरुवरूर जिले का मन्नारगुडी रेलवे स्टेशन भी शामिल है, जिसका कायाकल्प अब एक मॉडल स्टेशन के रूप में सामने आया है.

मन्नारगुडी स्टेशन को मिला नया स्वरूप

‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत मन्नारगुडी स्टेशन के विकास और सौंदर्यीकरण पर 3.44 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है. इस धनराशि से स्टेशन परिसर का व्यापक नवीनीकरण किया गया, जिसमें सजावटी प्रवेश द्वार, बेहतर पहुंच मार्ग, वाहन पार्किंग क्षेत्र, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म-1 का उन्नयन, यात्री प्रतीक्षालय, छत और ग्रेनाइट फ्लोरिंग जैसे कार्य शामिल हैं. स्टेशन को रात के समय आकर्षक बनाने के लिए विशेष लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है.

वर्तमान में मन्नारगुडी से चेन्नई और कोयंबटूर के लिए प्रतिदिन ट्रेन सेवाएं संचालित होती हैं. इसके अतिरिक्त, जोधपुर के लिए एक साप्ताहिक ट्रेन और तिरुपति के लिए एक त्रि-साप्ताहिक ट्रेन भी चलती है. कुल मिलाकर स्टेशन से छह प्रमुख ट्रेनें चलती हैं.

पीएम मोदी का कार्यक्रम और राष्ट्रीय महत्व

22 मई को प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान के बीकानेर दौरे पर रहेंगे, जहां वह सबसे पहले देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके बाद बीकानेर जिले के देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके साथ ही प्रधानमंत्री 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा पलाना में एक जनसभा को संबोधित करेंगे.

‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देशभर के 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. यह स्टेशन क्षेत्रीय संस्कृति और वास्तुकला को दर्शाते हुए यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुनर्विकसित किए जा रहे हैं. यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की देश में रेल अवसंरचना को सशक्त करने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है.

ये भी पढ़ें- PM मोदी करेंगे देश 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read