वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत में सड़कों पर भारी भीड़ जुटी
PM Modi Kashi welcome: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी पहुंचते ही रविवार को काशी की सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. अपने सांसद के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जुटे. कहीं फूलों की बारिश हुई, तो कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी. ‘हर-हर महादेव’ और ‘नमो-नमो’ के जयकारों के बीच प्रधानमंत्री का काफिला नमो घाट पहुंचा. लोग काफी देर तक सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पीएम मोदी की एक झलक पाने का इंतजार करते रहे.
प्रधानमंत्री पुलिस लाइन से सड़क मार्ग के जरिए नमो घाट पहुंचे. करीब सात किलोमीटर के इस रास्ते पर कई जगह स्वागत के लिए मंच बनाए गए थे. समर्थक हाथों में झंडे और फूल लेकर प्रधानमंत्री के आने का इंतजार कर रहे थे. जैसे ही उनका काफिला आगे बढ़ा, लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया. कई जगह देशभक्ति गीत भी बजाए गए, जिससे पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बन गया.
पुलिस लाइन से नमो घाट तक दिखा लोगों का उत्साह
पीएम मोदी का काफिला सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट, कज्जाकपुरा और राजघाट पुल से होते हुए नमो घाट पहुंचा. रास्ते में भदऊचुंगी समेत कई जगहों पर लोगों की भारी भीड़ नजर आई. प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सड़क किनारे बैरिकेडिंग की गई थी, जिसके दोनों ओर लोग खड़े थे.
इस दौरान कई मौकों पर प्रधानमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन किया. उन्होंने हाथ हिलाकर समर्थकों का उत्साह बढ़ाया. काफिले पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं और जयकारों के बीच उनका स्वागत किया गया. काशी में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया. नमो घाट पहुंचने पर वायुसेना के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया.
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखने के लिए घाटों पर जुटे लोग
प्रधानमंत्री के नमो घाट पहुंचने की एक बड़ी वजह भारतीय वायुसेना का एयर शो भी रहा. वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया गया है. इसमें करीब 100 विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. इनमें राफेल और सुखोई जैसे 52 लड़ाकू विमान भी शामिल हैं.
एयर शो को देखने के लिए सुबह से ही नमो घाट और आसपास के दूसरे घाटों पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था. कोई घाट की सीढ़ियों पर बैठा नजर आया, तो कोई अपने परिवार के साथ हवाई करतब देखने के लिए सही जगह तलाशता दिखा. गंगा के दूसरी ओर डोमरी, बहादुरपुर और कटेसर जैसे इलाकों में भी लोगों की भीड़ जुटी.
आसमान में विमानों की गर्जना और उनके करतब देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता रही. लड़ाकू विमानों के साथ हेलीकॉप्टरों की प्रस्तुतियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं. कई लोग इस खास नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए.
ये भी पढ़ें: ‘देश के लिए गर्व का पल’, भारतीय पैरा एथलीटों की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी का संदेश
सारंग टीम के करतबों ने जीता दर्शकों का ध्यान
एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने भी शानदार हवाई करतब दिखाए. ध्रुव हेलीकॉप्टरों से बनी इस टीम ने गंगा के ऊपर एक साथ उड़ान भरते हुए बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया. हेलीकॉप्टरों के नियंत्रित मोड़ और हवा में बदलती आकृतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा.
टीम के हेलीकॉप्टर जब एक साथ आसमान में आगे बढ़े, तो घाटों पर मौजूद लोग उन्हें देखने के लिए उत्साहित नजर आए. हवाई करतबों के जरिए वायुसेना के पायलटों ने अपने कौशल और आपसी तालमेल की झलक दिखाई. गंगा के ऊपर विमानों और हेलीकॉप्टरों की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और खास बना दिया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







