प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) इस महीने के अंत में चीन की यात्रा पर जा सकते हैं. यह दौरा 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच चीन के तियानजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की 25वीं राज्याध्यक्ष बैठक के लिए होगा. खास बात यह है कि गलवान घाटी में 2020 की झड़प के बाद यह पीएम मोदी की पहली चीन यात्रा होगी, जिससे भारत-चीन संबंधों में नई शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है.
2024 में मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात
इससे पहले अक्टूबर 2024 में रूस के कजान शहर में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी (PM Modi) और शी जिनपिंग (Xi Jinping) की मुलाकात हुई थी. उस मुलाकात के बाद दोनों देशों ने सीमा तनाव कम करने की दिशा में कदम बढ़ाए थे. अब SCO समिट में दोनों नेताओं की फिर से आमने-सामने बातचीत की संभावना है.
SCO क्या है ?
SCO यानी शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना 2001 में चीन के शंघाई शहर में हुई थी. यह संगठन क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई जैसे मुद्दों पर काम करता है. इसमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान जैसे देश शामिल हैं. ये देश दुनिया की 40% आबादी और 20% GDP का प्रतिनिधित्व करते हैं.
अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ तनाव
PM मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ को लेकर तनाव है और भारत संतुलित विदेश नीति अपनाते हुए दोनों पक्षों से संवाद बनाए हुए है. इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी SCO की बैठक में हिस्सा लिया था लेकिन आतंकवाद से जुड़े दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था क्योंकि उसमें भारत के पहलगाम हमले का जिक्र नहीं था.
इसे भी पढ़ें-प्रधानमंत्री मोदी 7 अगस्त को एमएस स्वामीनाथन शताब्दी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन
PM Modi का अब तक कितना दौरा
पीएम मोदी (PM Modi) इससे पहले भी कई बार चीन जा चुके हैं. 2015 में पहली राजकीय यात्रा, 2016 में G20 समिट, 2017 में ब्रिक्स समिट, 2018 में वुहान में अनौपचारिक बैठक और फिर उसी साल SCO समिट में भाग लिया था.
अब देखना होगा कि इस बार की यात्रा भारत-चीन संबंधों में कितना सुधार ला पाती है और क्या दोनों देशों के बीच विश्वास की नई नींव रखी जा सकती है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



