Bharat Express DD Free Dish

PM मोदी का पटना में 29 मई को होगा रोड शो, बिहार को देंगे बड़ी सौगातें : BJP प्रदेशाध्यक्ष दिलीप जायसवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचेंगे. वे पटना एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन, बिहटा एयरपोर्ट का शिलान्यास और रोड शो करेंगे.

PM Modi Bihar visit

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय बिहार की यात्रा पर 29 मई को पटना पहुंच रहे हैं. भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री की बिहार यात्रा की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 29 मई को संध्या पांच बजे पटना पहुंचेंगे.

PM मोदी बिहार के लोगों को देंगे बड़ी सौगात

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार की धरती पर आने के साथ ही बिहार के लोगों को बड़ी सौगात देंगे. वे पटना में पटना हवाई अड्डे के विश्वस्तरीय, भव्य नवनिर्मित टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और साथ ही साथ बिहटा हवाई अड्डे के शिलान्यास भी करेंगे. प्रधानमंत्री इसके बाद एक भव्य रोड शो में शामिल होंगे. यह रोड शो पटना हवाई अड्डे से प्रारंभ होगा और शेखपुरा, पटेल भवन, राजवंशीनगर, पुनाईचौक, हड़ताली मोड़, हाई कोर्ट होते हुए आयकर गोलंबर पहुंचेगा.

रोड शो में 32 स्थानों पर किया जाएगा अभिवादन

इसके बाद प्रधानमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे. इस रोड शो के दौरान 32 स्थानों पर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया जाएगा. इन 32 स्थानों पर सड़क के किनारे विभिन्न संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा स्टेज बनाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: हमने कोरोना से लेकर प्राकृतिक आपदा तक झेली, तब बने दुनिया के चौथे नंबर की अर्थव्यवस्था: PM Modi

लाखों की संख्या में लोग होंगे शामिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर जिस तरह का माहौल पटना में बन रहा है उससे साफ है कि लाखों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री के इस रोड शो में शामिल होंगे और उनका अभिवादन करेंगे. ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए पीएम मोदी का अभिनंदन किया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि यह अभिवादन कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल द्वारा नहीं किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार बिहार की धरती पर पहुंच रहे हैं.

रोहतास के विक्रमगंज जाएंगे PM मोदी

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 30 मई को रोहतास के विक्रमगंज जाएंगे जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री इस क्रम में 29,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीनगर पॉवर प्लांट और पटना-सासाराम एक्सप्रेस वे का भी शिलान्यास करेंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री जब भी आते हैं विकसित बिहार बनाने के सपने को पूरा करने के लिए सौगात लेकर आते हैं. एनडीए का नारा है, ‘देश झुकेगा नहीं, बिहार का विकास रुकेगा नहीं’, और इसी सपने को साकार करने के लिए पीएम मोदी बिहार आ रहे हैं.”

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read