Bharat Express DD Free Dish

शंभू और खनौरी बॉर्डर को पुलिस ने कराया खाली, किसानों को हिरासत में लेने पर भड़के कांग्रेस सांसद, सीएम मान पर बोला हमला

पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने बुधवार को किसानों द्वारा लगाए गए धरने को समाप्त करा द‍िया और टेंटों को तोड़ दिया.

Shambhu border

गुरजीत सिंह औजला, कांग्रेस सांसद.

Farmer Protest: पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने बुधवार को किसानों द्वारा लगाए गए धरने को समाप्त करा द‍िया और टेंटों को तोड़ दिया. कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इस दौरान धरने पर बैठे किसानों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की.

औजला ने जारी किया वीडियो

गुरजीत सिंह औजला ने एक वीडियो संदेश जारी कर किसानों की गिरफ्तारी पर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह वही किसान हैं, जिनसे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव प्रचार के दौरान यह वादा किया था कि उनकी सरकार आने पर किसानों की सभी मांगें पूरी की जाएंगी. तीन साल हो गए हैं आपकी सरकार को, लेकिन तीन सालों में आपने किसानों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग तक पूरी नहीं की. आज वही किसान जिनके हक में मुख्यमंत्री ने भाषण दिए थे, उन्हीं किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है.

किसानों के साथ नाइंसाफी करने का आरोप

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को किसानों के पक्ष में केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ना चाहिए था और उनके हक के लिए संघर्ष करना चाहिए था. लेकिन इसके बजाय, उन्होंने उल्टा अपने ही किसानों को पकड़ने का कदम उठाया है, जो किसानों के साथ नाइंसाफी और अन्याय के बराबर है.

औजला ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के अधिकारों के लिए खड़ी रहेगी और इस नाइंसाफी के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी. पंजाब के किसानों के साथ हो रही यह दमनात्मक कार्रवाई गलत है, और इसकी हम कड़ी निंदा करते हैं.

यह भी पढ़ें- शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू, 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात और इंटरनेट बंद

वहीं, दूसरी तरफ पंजाब पुलिस की ओर से डीआईजी हरमिंदर सिंह गिल ने कहा कि अब तक 40 से 50 किसानों ने आत्मसमर्पण किया है. उन्होंने आगे बताया कि यदि कोई किसान गिरफ्तारी के लिए कहेगा तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा, जबकि अगर कोई छोड़ने की मांग करेगा तो उसे छोड़ दिया जाएगा. ऐसा नहीं है कि हमने उन्हें बंधक बना लिया है. पुलिस की कार्रवाई में गैरकानूनी तरीके से बनाए गए सभी निर्माणों को तोड़ा जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read