PM Modi Visit Chhattisgarh: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे. वह पहले नागपुर पहुंचेंगे, जहां सुबह 9 बजे स्मृति मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके बाद वह दीक्षाभूमि जाएंगे और डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. फिर सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की आधारशिला रखेंगे. यह केंद्र नागपुर के माधव नेत्रालय आई इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर का विस्तार होगा.
2014 में स्थापित यह संस्थान अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा प्रदान करता है. नए प्रोजेक्ट में 250 बेड, 14 ओपीडी और 14 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे, जिससे आम लोगों को किफायती और बेहतरीन नेत्र चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी. दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड में नई रक्षा सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे. यहां वह 1250 मीटर लंबी और 25 मीटर चौड़ी यूएवी एयरस्ट्रिप का लोकार्पण करेंगे. साथ ही, लोइटरिंग म्यूनिशन टेस्टिंग रेंज और अन्य रक्षा परीक्षण सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे.
बिलासपुर में प्रधानमंत्री की योजनाएं
प्रधानमंत्री दोपहर 3:30 बजे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पहुंचेंगे. वहां वह 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और कार्यारंभ करेंगे. इस दौरान वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी योजनाएं
बिजली क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री एनटीपीसी के 9,790 करोड़ रुपये की लागत वाले 800 मेगावाट के सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे.
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) के 15,800 करोड़ रुपये की लागत वाले सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट (2×660 मेगावाट) का कार्यारंभ करेंगे. प्रधानमंत्री पावरग्रिड के 560 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन पावर ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
स्वच्छ ऊर्जा और परिवहन सुविधाएं
देश के नेट-जीरो लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री कोरिया, सुरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिलों में भारत पेट्रोलियम के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे. इस योजना में 200 किमी हाई-प्रेशर पाइपलाइन और 800 किमी एमडीपीई पाइपलाइन का निर्माण होगा.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री 2,210 करोड़ रुपये की लागत वाली 540 किमी लंबी विशाखापट्टनम-रायपुर पाइपलाइन परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे. यह पाइपलाइन पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी.
रेलवे और सड़क परियोजनाएं
प्रधानमंत्री 108 किमी लंबी सात नई रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और 111 किमी लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. इन परियोजनाओं की कुल लागत 2,690 करोड़ रुपये है. वह अबहानपुर-रायपुर रेलखंड पर नई मेमू ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के 100% विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ेगी और आर्थिक विकास को गति मिलेगी. प्रधानमंत्री 1,270 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें जालमला से शेरपर (NH-930) और अंबिकापुर से पाथलगांव (NH-43) का उन्नयन शामिल है. इसके अलावा, कोण्डागांव से नारायणपुर (NH-130D) सड़क को भी दो लेन में विकसित किया जाएगा.
शिक्षा और आवास योजनाएं
प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूलों और रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) का उद्घाटन करेंगे. पीएम श्री स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, स्मार्ट क्लासरूम, लैब और पुस्तकालय होंगे. प्रधानमंत्री ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजना के तहत तीन लाख से अधिक लाभार्थियों को नए घरों की चाबी सौंपेंगे.
ये भी पढ़ें: MSP समेत अन्य मांगों पर किसानों और सरकार के बीच बातचीत, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई टाली
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

