पुणे के बाहरी इलाके में नवले ब्रिज के पास गुरुवार शाम ट्रक का ब्रेक फेल होने से 20 से 25 गाड़ियां आपस में टकरा गईं. ट्रक और कंटेनर के बीच में फंसी एक कार में आग लग गई. हादसे में कार सवार 5 लोगों और ट्रक ड्राइवर समेत 9 लोगों की मौत हो गई. हादसे में करीब 20 लोग घायल भी हुए हैं.
पुलिस के मुताबिक, हादसा पुणे-नासिक हाईवे पर भोरगांव के पास हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से कंटेनरों के बीच दब गई और आग लगने के कुछ सेकेंड में ही लपटों में घिर गई.
मृतकों की पहचान की जा रही है. हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया है.
कई वाहन आपस में भिड़े
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया. हादसे में घायल हुए सभी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सतारा से पुणे की ओर आ रहे दोनों ट्रकों के बीच कार फंस गई थी. इससे दोनों ट्रकों और कार में आग लग गई.
हादसे के कारण नवले ब्रिज पर लंबा जाम लग गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और वह आगे जा रही कार से टकराया जिससे वह कंटेनर से जा भिड़ी और उसमें आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जल गई. कार में 5 लोग सवार थे.
इसके अलावा ट्रक में भी आग लग गई इससे ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका. उसकी भी मौत हो गई. पीछे एक यात्री वाहन था, वह भी आग की चपेट में आ गया. उसमें 17-18 लोग सवार थे. सभी घायल हुए हैं. इसके अलावा कुछ कारें और अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए.
CM फडणवीस ने मदद का ऐलान किया
CM देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और मरने वालों के परिवार को 5-5 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया. सांसद सुप्रिया सुले ने भी हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




