Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने गुजरात में मोतीभाई आर. चौधरी सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट का किया उद्घाटन, किसानों और महिलाओं को मिलेगा लाभ

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात में मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट का उद्घाटन किया.

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल (MRCSSS) और सागर ऑर्गेनिक प्लांट का उद्घाटन किया. इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे.

शाह ने हाल ही में दिल्ली में हुए कार विस्फोट में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस घटना में शामिल दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने का संकल्प पूरा होगा. उन्होंने कहा कि यह सजा भविष्य में देश में किसी भी आतंकवादी हमले की नीयत रखने वालों के लिए एक चेतावनी होगी.

गृह मंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने इस क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी प्रभावशीलता साबित की है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली विस्फोट के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

मोतीभाई चौधरी के योगदान को बताया प्रेरणास्रोत

शाह ने मोतीभाई चौधरी की समाज सेवा और आदर्श जीवन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके योगदान ने गुजरात के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों को समृद्धि की दिशा दी. उन्होंने कहा कि अमूल आज विश्व में सहकारिता का प्रमुख ब्रांड बन चुका है, और इसका आधार उन्हीं महानुभावों द्वारा रखी गई नींव है.

मोतीभाई चौधरी सैनिक स्कूल 11 एकड़ में फैला है और इसकी लागत 50 करोड़ रुपये है. इसमें स्मार्ट क्लासरूम, हॉस्टल, पुस्तकालय और कैन्टीन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. शाह ने बताया कि इस स्कूल के माध्यम से गुजरात के बच्चों को भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सेवा करने का मार्ग मिलेगा.

उन्होंने कहा कि सरकार पीपीपी मॉडल के तहत देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल खोलने का निर्णय कर चुकी है और मोतीभाई चौधरी स्कूल महेसाणा के लिए गर्व का विषय बनेगा.

देश और विदेश में बढ़ेगी गुजरात की पहचान

सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि यह प्लांट अमूल ब्रांड के तहत विश्वसनीय ऑर्गनिक उत्पादों को देश और विदेश में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. 30 मीट्रिक टन दैनिक क्षमता वाला यह प्लांट NPOP और APEDA प्रमाणित है, जिससे उत्तर गुजरात के किसानों की उपज को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.

गृह एवं सहकारिता मंत्री ने किसानों और उनके परिवारों से ऑर्गनिक उत्पादों के इस्तेमाल का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि 1960 में दूधसागर डेयरी में प्रतिदिन केवल 3,300 लीटर दूध एकत्र होता था, जो अब बढ़कर 35 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है. यह डेयरी गुजरात के 1,250 गाँवों और पांच राज्यों के 10 लाख से अधिक दूध उत्पादन समूहों से जुड़ी है, और इसका टर्नओवर 8,000 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है.

महिलाओं की भागीदारी से बढ़ेगी किसानों की आय

शाह ने कहा कि बनासकांठा और दूधसागर डेयरी ने मिलकर डेयरी अर्थव्यवस्था को बदलने का एक मॉडल प्रस्तुत किया है. मोदी सरकार ने देशभर में 75,000 नई प्राथमिक डेयरी समितियों का गठन किया है और सहकारी समितियों के दूध उत्पादन का 50% भारत और विदेशों तक पहुंचाकर पशुपालकों को लाभ पहुंचाया जाएगा.

अंत में उन्होंने कहा कि अमूल के कुल टर्नओवर में 70 प्रतिशत योगदान माताओं और बहनों का है, जो इससे आत्मनिर्भर बन रही हैं.

ये भी पढ़ें: ‘चुनाव में बेईमानी हुई तो बिहार की सड़कों पर दिखेंगे नेपाल-बांग्लादेश…’, मतगणना पर बोले RJD एमएलसी सुनील सिंह — हुई FIR

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read