Bharat Express DD Free Dish

“ये सुसाइड नहीं हत्या है…”, पंजाब के DM रंधावा सुसाइड केस में पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर पर हत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

Gagandeep Randhawa Suicide Case Punjab: उपिंदर कौर ने पति गगनदीप सिंह रंधावा की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और उनके पिता को आरोपी बताया है. लालजीत सिंह भुल्लर ने डीएम रंधावा सुसाइड केस में नाम आने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया.

Gagandeep Randhawa Suicide Case Punjab

Gagandeep Randhawa Suicide Case Punjab: पंजाब राज्य भंडारण निगम के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब के विपक्षी दलों ने आप सरकार के वरिष्ठ नेता लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विपक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से आप नेता और पूर्व मंत्री भुल्लर को गिरफ्तार करने की मांग की है. लालजीत सिंह भुल्लर ने डीएम रंधावा सुसाइड केस में नाम आने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इस मामले को लेकर डीएम रंधावा की पत्नी की उपिंदर कौर के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है.

उपिंदर कौर ने पति गगनदीप सिंह रंधावा की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और उनके पिता को आरोपी बताया है. उन्होंने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में पूरे मामले की जानकारी दी.

शिकायत में क्या है?

अमृतसर पुलिस कमिश्नर को दिए शिकायत में उपिंदर कौर ने बताया कि वो अजनाला रोड अमृतसर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में साइंस की टीचर हैं. उनकी साल 2007 में गगनदीप सिंह रंधावा से शादी हुई थी. उनके पति गगनदीप सिंह रंधावा पंजाब राज्य गोदाम निगम में जिला मैनेजर थे. इसके अलावा उनके पास अमृतसर और तरनतारन जिले का भी चार्ज था.

उन्होंने बताया कि पिछले साल अक्टूबर 2025 में पंजाब राज्य गोदाम निगम ने विभिन्न जिलों में नए गोदामों के निर्माण संबंधी टेंडर जारी किया था. इन टेंडरों की मंजूरी चंडीगढ़ से होनी थी. इन गोदामों का टेंडर फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के निर्धारित नियमों के अनुसार ही पास करना होता है, लेकिन पंजाब सरकार के परिवहन मंत्री और हलका पट्टी विधानसभा से विधायक लालजीत सिंह भुल्लर लगातार उनके पति पर ये दबाव बना रहे थे कि यह टेंडर उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर दिया जाए.

उपिंदर कौर के मुताबिक लालजीत सिंह के पिता सुखदेव सिंह भुल्लर पट्टी और भिखीविंड के इलाकों में गोदाम के निर्माण के लिए टेंडर भरा था. वह लगातार दबाव बना रहे थे कि ये टेंडर उनके पिता को यह टेंडर मंजूर किये जाएं. इसके लिए मंत्री लालजीत सिंह, उनके पिता सुखदेव सिंह और मंत्री का पीए दिलबाग सिंह उर्फ बागा लगातार पति गगनदीप सिंह रंधावा को धमकी दे रहे थे. जिसमें वो कह रहे थे कि अगर यह टेंडर उन्हें नहीं मिला तो तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को बुरा अंजाम भुगतना होगा.

लगातार प्रताड़ना के चलते कई बार उनके पति गगनदीप सिंह रोते-रोते घर आते थे. वे धमकी देने वालों को यह भी बताते थे कि मैं किसी भी आवेदक की मदद नहीं कर सकता, क्योंकि यह टेंडर प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी है. इस वजह से टेंडर किसी दूसरे को मिल गया.

टेंडर नहीं मिलने पर फोन कर किया अपमानित

टेंडर किसी दूसरी पार्टी को मिलने के बाद लालजीत सिंह भुल्लर के पिता बहुत नाराज हो गया और गुस्से में आकर मेरे पति को बहुत अपमानित और परेशान करने लगा. कई बार व्हाट्सएप कॉल करके उन्हें धमकी दी कि टेंडर उसके नाम पर जारी करो नहीं तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा. ये सभी गैंगस्टर उसने इन्हीं कामों के लिए पाले हुए हैं. भुल्लर के पिता ने यहां तक धमकी दी कि उसकी बात नहीं मानने पर वो जिंदा नहीं बचेगा.

घर बुलाकर मारा और दी धमकी

13 मार्च को मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने उसके पति गगनदीप सिंह रंधावा को पट्टी में मौजूद उसके पैतृक घर बुलाया. जहां उसके पिता, पीए सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे. वहां पहुंचते ही उसके पति को लालजीत सिंह के पिता और पीए ने कई थप्पड़ मारे और उनकी जमकर पिटाई की. इसी बीच मंत्री ने पिस्तौल निकालकर उनके सिर पर मारी और कनपटी पर पिस्तौल रखकर कहा कि देखो अब तुम्हारा क्या हाल करते हैं.

इसके बाद मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने पीए को कहा कि मेरे कहे शब्द इसके मुंह से बुलवाकर एक वीडियो बनवाओ, नहीं तो गोली मार देना और लाश को गायब कर देना. इसके बाद उन सभी लोगों ने मेरे पति को जमकर पीटा और धमकी देकर जबरन वीडियो बनाई.

रोते हुए पत्नी को बताई सारी बातें

इसके बाद उसके पति गगनदीप सिंह रंधावा शाम को घर आकर ये सारी बातें बताई और रोते हुए बोला कि अब मैं जीने लायक भी नहीं रहा. हालांकि मैं अपने पति को पुलिस को सूचना देने के लिए मनाती रही, लेकिन पति का साफ कहना था कि लालजीत सिंह भुल्लर पंजाब सरकार में परिवहन मंत्री है. उसकी फरियाद का कोई भी फायदा नहीं होगा.

ये भी पढ़ें- बेटियों ने फिर गाड़े सफलता के झंडे! बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा में समस्तीपुर के आदित्य और अदिति बनीं टॉपर; देखें पूरी लिस्ट

इससे तंग आकर उसके पति गगनदीप सिंह रंधावा ने सल्फांस की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की. जिसमें उन्होंने लालजीत सिंह भुल्लर सहित अन्य को इसके लिए आरोपी बनाया.

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि जनता के कड़े विरोध के बाद आम आदमी पार्टी सरकार को कल रात मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए मजबूर होना पड़ा, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि इस सरकार से न्याय की कोई उम्मीद नहीं है. उन्होंने सीबीआई से मामले की जांच कराने की मांग की.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read