श्रीसिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास-प्रभादेवी, मुंबई में पुष्टिपति विनायक जयंती पूरे विधि-विधान से मनाई गई. पुष्टिपति विनायक जयंती प्रतिवर्ष वैशाख पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है. ज्ञात हो कि भगवान श्री गणेश के कुल तीन अवतार माने गए हैं. श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास की ओर से इन तीनों अवतारों की जयंती मनाई जाती है.
भगवान गणेश का पहला अवतार वैशाख पूर्णिमा के दिन हुआ जिसे पुष्टिपति विनायक जयंती के रूप में मनाया जाता है. दूसरा अवतार, भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी को गणेश चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है, जहां पार्थिव गणेश की पूजा की जाती है और तीसरे अवतार की जयंती माघ शुक्ल चतुर्थी को मनाने की परंपरा है.

इस वर्ष पुष्टिपति विनायक जयंती सोमवार 12 मई को मनाई गई. इस दौरान भगवान श्री सिद्धिविनायक का विशेष पूजन-हवन ट्रस्ट की तरफ़ से कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी के द्वारा किया गया और भगवान का नाम स्मरण करते हुए पालकी के साथ प्रदक्षिणा की गई. मंदिर में मनाई गई इस उत्सवरूपी जयंती के अवसर पर ट्रस्टी महेश मुदलियार, ट्रस्टी भास्कर शेट्टी, ट्रस्टी गोपाल दलवी और ट्रस्टी राहुल लोंढे उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: S-400 को ‘सुदर्शन’ नाम क्यों मिला? पढ़िए परमेश्वर श्रीकृष्ण के दिव्य चक्र की कहानी और समझिए भारत की ताकत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

