Radhika Yadav Murder Case: 10 जुलाई का दिन भारतीय टेनिस इतिहास के लिए एक मनहूस दिन की तरह आया. जब एक टेनिस खिलाड़ी को समाज के तानों और पिता की हैवानियत ने मार डाला. गुरुग्राम में राधिका यादव नाम की टेनिस खिलाड़ी की हत्या कर दी गई थी. इस मामले को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही है. इस बीच अब राधिका हत्याकांड में उसकी करीबी दोस्त हिमांशिका सिंह का एक अहम वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में हिमांशिका ने राधिका की जिंदगी और उसके परिवार के रवैये को लेकर कई अहम बातें साझा की हैं.
राधिका की करीबी दोस्त ने बताई हैवान पिता की सच्चाई
हिमांशिका ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि राधिका पर घरवालों की ओर से काफी बंदिशें थीं. उसके आने-जाने का समय तय था और हर बात का जवाब उसे देना पड़ता था. यहां तक कि अगर वह वीडियो कॉल पर किसी दोस्त से बात करती थी, तो घरवाले उसका फोन चेक करते थे.
राधिका का परिवार रखता था कट्टर सोच
राधिका का परिवार बहुत ही कट्टर सोच रखता था. हर चीज़ में दिक्कत निकालते थे. हिमांशिका बताती हैं कि वह राधिका के साथ शुरुआत से ही टेनिस खेलती आ रही हैं और दोनों ने कई टूर्नामेंट्स में हिस्सा भी लिया था. जिस टेनिस अकादमी में राधिका ट्रेनिंग लेती थी, वह उसके घर से बेहद करीब थी, फिर भी उसे घर लौटने के लिए एक तय समय दिया गया था.
View this post on Instagram
ज़िंदगी को खुलकर जीना चाहती थी राधिका
हिमांशिका ने यह भी कहा कि राधिका के मामले में लव-जिहाद जैसा कुछ भी नहीं था, ये सिर्फ अफवाहें हैं. राधिका का एक म्यूजिक वीडियो भी सामने आया है, जो करीब डेढ़ साल पुराना है. उस वीडियो को शूट करने के लिए उसने अपने पिता से अनुमति ली थी. राधिका को वीडियोज़ बनाना, रील शूट करना और फोटोग्राफी का बहुत शौक था. वह ज़िंदगी को खुलकर जीना चाहती थी और उसके सभी स्टूडेंट्स उससे बेहद खुश रहते थे.
घर पर घुटन होती थी महसूस- हिमांशिका
राधिका बीते 18 सालों से टेनिस से जुड़ी हुई थी, लेकिन परिवार की सख्ती ने उसे अंदर से तोड़ दिया था. राधिका को घर पर काफी घुटन महसूस होती थी. उसके माता-पिता हर बात में यही सोचते थे कि “लोग क्या कहेंगे?” हिमांशिका के अनुसार, 2012 से वे दोनों साथ खेलते थे और अक्सर एक साथ सफर भी करते थे. राधिका कभी भी किसी बाहरी व्यक्ति से ज़्यादा बात नहीं करती थी, वह हमेशा दबाव में रहती थी.
14 दिन की न्यायिक हिरासत में पिता
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को राधिका यादव की उसके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. फिलहाल दीपक यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


