रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बल के वीर जवानों, अधिकारियों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. गृह मंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, त्वरित कार्रवाई करने और देश के संस्थानों की गरिमा की रक्षा में आरएएफ के अतुलनीय योगदान और पेशेवर कार्यशैली की जमकर सराहना की.
अमित शाह का बड़ा संदेश
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के कर्मियों को उनके स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई. तेजी से कार्रवाई और पेशेवर कामकाज के लिए जानी जाने वाली आरएएफ ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करने तथा हमारे संस्थानों की गरिमा को सुरक्षित रखने में कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं.
सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को दी श्रद्धांजलि
अमित शाह ने देश की सेवा और कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले आरएएफ के अमर बलिदानियों को याद करते हुए नमन किया. उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति और सौहार्द बनाए रखने में शहीदों का यह सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा.
ये भी पढ़ें-भोपाल में अमित शाह ने किया गोपालक सम्मेलन को संबोधित, बोले- सहकारिता से बढ़ेगी पशुपालकों की कमाई
देश भर के दिग्गजों ने भी जताया आरएएफ के शौर्य पर गर्व
गृह मंत्री अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी आरएएफ जवानों के अनुशासन, साहस और त्वरित मुस्तैदी को सलाम किया. सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आरएएफ के जवानों का समर्पण पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
