Raghav Chadha Followers Drop: राजनीति की बिसात पर भाजपा के साथ हाथ मिलाकर भले ही राघव चड्ढा ने एक नया रास्ता चुन लिया हो, लेकिन डिजिटल दुनिया में उन्हें जबरदस्त नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल आम आदमी पार्टी (AAP) के 7 सांसदों के साथ बीजेपी में शामिल होने के महज 24 घंटों के भीतर राघव चड्ढा की लोकप्रियता के ग्राफ में भारी गिरावट आई है.
आंकड़ों (Raghav Followers Drop) की मानें तो इंस्टाग्राम पर उनके करीब 10 लाख फॉलोअर्स कम हो गए हैं. युवाओं और ‘जेन-जी’ (Gen Z) के बीच अपनी खास पहचान रखने वाले राघव के इस कदम को उनके डिजिटल प्रशंसकों ने ‘विश्वासघात’ की तरह लिया है.
इंस्टाग्राम पर दिखा जनता का ‘गुस्सा’
बता दें कि शुक्रवार तक राघव चड्ढा के इंस्टाग्राम पर 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे, जो शनिवार दोपहर तक घटकर 13.5 मिलियन रह गए. एनसीपी (SP) के प्रवक्ता अनीश गवांडे ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि इंटरनेट अगर आपको रातों-रात हीरो बना सकता है, तो मिट्टी में भी मिला सकता है.
यही नहीं सोशल मीडिया पर #UnfollowRaghavChadha तेजी से ट्रेंड कर रहा है. माउंट एल्ब्रस फतह करने वाले रोहताश खिलेरी जैसे कई प्रभावशाली इन्फ्लुएंसर्स ने भी उन्हें अनफॉलो कर अपना विरोध (Raghav Followers Drop)दर्ज कराया है.
‘जनता के नेता’ वाली छवि को लगा गहरा धक्का?
राघव चड्ढा युवाओं के बीच इसलिए लोकप्रिय थे क्योंकि वे पारंपरिक राजनीति से हटकर मुद्दे उठाते थे. हाल ही में उनका ‘ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर’ बनकर डिलीवरी बॉयज की समस्याओं को समझना और ’10-मिनट डिलीवरी’ के नियम को हटवाने के लिए सरकार को मजबूर करना, उनके करियर का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा था. लोगों को लग रहा था कि वे एक सुलझे हुए और संवेदनशील नेता हैं, लेकिन उनके अचानक पाला बदलने से प्रशंसकों को लगता है कि यह सब सिर्फ एक ‘सियासी स्टंट’ था.

क्या बीजेपी का चुनाव करना पड़ा भारी?(Raghav Followers Drop)
बताते चलें जब राघव को राज्यसभा में उप-नेता के पद से हटाया गया था, तब सोशल मीडिया पर उन्हें भारी सहानुभूति मिली थी. एक यूजर ने उन्हें अपनी अलग ‘जेन-जी पार्टी’ बनाने की सलाह दी थी, जिसे राघव ने दिलचस्प विचार बताया था.
उस वक्त समर्थकों ने चेतावनी दी थी कि अगर वे किसी दूसरी पार्टी में गए तो उन्हें नफरत झेलनी पड़ेगी. इसके बाबजूद राघव ने अपनी पार्टी बनाने के बजाय बीजेपी का दामन थाम लिया, जिसे उनके ‘कोर’ युवा समर्थकों ने स्वीकार नहीं किया.
पुराने पोस्ट डिलीट करने पर ‘आप’ ने ली चुटकी
भाजपा में शामिल होते ही राघव चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की ‘सफाई’ भी शुरू कर दी है. उन्होंने पीएम मोदी और बीजेपी की आलोचना करने वाले अपने पुराने तमाम पोस्ट डिलीट कर दिए हैं. इस पर ‘AAP’ नेता सौरभ भारद्वाज ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब उनके प्रोफाइल पर ‘मोदी’ नाम के केवल दो ही पोस्ट बचे हैं और मज़े की बात यह है कि दोनों में ही प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ की गई है. राघव के इस ‘हृदय परिवर्तन’ को नेटिजन्स पचा नहीं पा रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





