Bharat Express DD Free Dish

Rahul Gandhi Two MP Theory: राहुल गांधी ने क्यों कहा ‘रायबरेली में एक नहीं दो सांसद हैं’? जानें क्या है इसका मतलब

भारत में चुनावी माहौल के दौरान ‘डबल इंजन’ शब्द का इस्तेमाल आम हो गया है, लेकिन अब यह सरकार के लिए नहीं, बल्कि सांसदों के लिए इस्तेमाल भी हो रहा है.

Rahul Gandhi

राहुल गांधी. (फाइल फोटो)

Rahul Gandhi Two MP Theory: भारत में चुनावी माहौल के दौरान ‘डबल इंजन’ शब्द का इस्तेमाल आम हो गया है, लेकिन अब यह सरकार के लिए नहीं, बल्कि सांसदों के लिए इस्तेमाल भी हो रहा है. रायबरेली से सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक अनोखी बात कह दी. उन्होंने दावा किया कि रायबरेली की जनता के दो सांसद हैं एक वह खुद और दूसरी प्रियंका गांधी.

गुरुवार को राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के ऊंचाहार पहुंचे. यहां एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “शायद पूरे देश में रायबरेली इकलौती ऐसी सीट है, जहां दो सांसद हैं. एक मैं और एक प्रियंका. उन्हें भी बुलाया करो, कभी-कभी मुझे भी बुला लिया करो.” उन्होंने कहा कि प्रियंका उन्हें वायनाड बुलाती हैं और वह वहां जाते भी हैं.

राहुल गांधी ने रायबरेली के लोगों का चुनाव में समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि रायबरेली से उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की हर समस्या को दूर करने के लिए वह हमेशा मौजूद रहेंगे. “जो भी समस्या हो, बस बताइए, समाधान मैं करूंगा,” राहुल ने कहा.

प्रियंका गांधी ने दिया जवाब

राहुल गांधी के इस बयान पर प्रियंका गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “रायबरेली हमारा परिवार है और परिवार का हर हुक्म सिर-माथे पर.” प्रियंका गांधी लंबे समय से रायबरेली में सक्रिय रही हैं और सोनिया गांधी के चुनावी अभियानों में अहम भूमिका निभाती रही हैं. 2019 तक सोनिया गांधी यहां से सांसद थीं और हर चुनाव में प्रियंका ने उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए कैंपेन की जिम्मेदारी संभाली थी.

सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलें थीं. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को उम्मीदवार नहीं बनाया. राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और जीते. बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी और वहां से प्रियंका गांधी उपचुनाव जीतकर सांसद बनीं.


ये भी पढ़ें- 71 साल बाद दिल्ली में अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का आयोजन, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read