Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के संवैधानिक दर्जे को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक संयुक्त पत्र लिखकर केंद्र सरकार से दो अहम मांगें की हैं जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाए और लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल किया जाए.
कांग्रेस नेताओं ने यह पत्र संसद के आगामी मानसून सत्र से ठीक पहले लिखा है, जिससे सरकार पर इस मुद्दे को सदन में राजनीतिक दबाव बनाया जा सके. पत्र में कहा गया है कि सरकार संसद में एक विधेयक लाकर जम्मू-कश्मीर को फिर से पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान करे. साथ ही, एक अन्य विधेयक लाकर लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत विशेष अधिकार दिए जाएं.
प्रधानमंत्री मोदी के पुराने वादों का हवाला
पत्र में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा है कि, “पिछले पांच वर्षों से जम्मू-कश्मीर के लोग अपने राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं. यह केवल एक राजनीतिक मांग नहीं है, बल्कि उनका संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है.
कांग्रेस का दावा है कि लद्दाख की स्थानीय संस्कृति, जनजातीय पहचान और सामाजिक संरचना को बचाने के लिए संविधान की छठी अनुसूची के तहत विशेष संरक्षण देना जरूरी है.
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए पत्र को और प्रभावशाली बनाने की कोशिश की है. उन्होंने लिखा है, “19 मई 2024 को भुवनेश्वर में दिए गए एक साक्षात्कार में आपने कहा था कि ‘राज्य का दर्जा बहाल करना हमारा वादा है और हम इस पर कायम हैं.’ इसके अलावा, 19 सितंबर 2024 को श्रीनगर में एक रैली के दौरान भी आपने यही बात दोहराई थी.
ये भी पढ़ें: विशाल मेगा मार्ट आग मामले में कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग, दिल्ली सरकार समेत सभी से जवाब तलब
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


