रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है रेलवे बोर्ड ने रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है. अब ट्रेन टिकट का रिजर्वेशन स्टेटस पहले ही 10 घंटे पहले पता चल जाएगा इससे यात्रियों को योजना बनाने में आसानी होगी.
पहला चार्ट सुबह और दोपहर की ट्रेनों के लिए
रेलवे ने बताया कि सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट अब पिछले दिन रात 8 बजे तक तैयार कर दिया जाएगा. इससे यात्रियों को उनकी सीट की पुष्टि पहले से पता चल जाएगी और यात्रा की योजना आसान हो जाएगी.
दोपहर और रात की ट्रेनों के लिए नई व्यवस्था
वहीं दोपहर 2.01 बजे से रात 11.59 बजे तक और रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों के लिए पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा. इससे पहले यह चार्ट केवल 4 घंटे पहले बनता था और यात्रियों को आखिरी समय में ही जानकारी मिलती थी.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया बदलाव
रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि बदलाव का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और उनकी यात्रा की योजना आसान बनाना है. खासकर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों की चिंता कम करना है. अब यात्रियों को वेटिंग लिस्ट या आरएसी में चल रहे टिकटों की स्थिति पहले से पता चल जाएगी.
पहले की व्यवस्था में चार्ट केवल 4 घंटे पहले बनता था जिससे यात्रियों को आखिरी समय में ही पता चलता था कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं. इससे समय और पैसे की बर्बादी होती थी और यात्रा में तनाव बढ़ जाता था. कई बार यात्री चार्ट बनने से पहले स्टेशन पहुंच जाते थे और बाद में पता चलता था कि उनका टिकट कन्फर्म नहीं है.
रेलवे ने सभी जोनल डिवीजनों को जरूरी निर्देश जारी कर दिया हैं ताकि नया सिस्टम सुचारू रूप से लागू हो सके. अब यात्रियों को समय रहते जानकारी मिलेगी और वे अपनी यात्रा को बेहतर तरीके से प्लान कर पाएंगे.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-अफ्रीका रिश्तों को नई मजबूती
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


