Bharat Express DD Free Dish

खूब बरस रहे बदरा…जलमग्न हुई राजधानी! अगले 5 घंटे और भारी, जानें मौसम का खौफनाक अलर्ट

दिल्ली-NCR में भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है, वहीं IMD ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्यों में तेज हवाओं, वज्रपात और भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा भी बढ़ गया है.

देशभर में मानसूनी बारिश ने अपना भयंकर रूप दिखाना शुरू कर दिया है. दरसल दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही रुक-रुक कर शुरू हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है. सड़कों पर लबालब पानी भरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है और दफ्तर-कालेज जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

मौसम विभाग ने चेतावनी (Heavy Rain Alert today) जारी करते हुए साफ कहा है कि अगले 5 घंटों के भीतर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 15 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने वाली है.

15 राज्यों में कहर ढाएगी कुदरत(Weather Update Today)

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो कुछ जगहों पर 70 से 75 KM/H तक पहुंच सकती हैं. मौसम वैज्ञानिक गंगा के तटीय इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने और दक्षिण-पश्चिम यूपी में चक्रवातीय परिसंचरण को इसकी मुख्य वजह बता रहे हैं.

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश(Heavy Rain Alert today)

राजधानी दिल्ली और सटे गुरुग्राम-नोएडा में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी रखा है, जहां हवा की गति 20 से 30 किमी प्रति घंटा रहेगी.

वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण जलभराव से ट्रैफिक पुलिस को भी ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ रहा है, इसलिए आज अगर आप सड़क पर उतर रहे हैं तो एक्स्ट्रा टाइम लेकर ही निकलें.

उत्तर प्रदेश में भी बारिश का रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से मेहरबान और आक्रामक नजर आ रहा है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर से लेकर पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया, बनारस, प्रयागराज, अयोध्या और आजमगढ़ समेत 22 से अधिक जिलों में भारी बारिश और आंधी की सख्त चेतावनी जारी की गई है. राजधानी लखनऊ में भी बादलों का डेरा है, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास बना रहेगा.

बिहार-झारखंड में बिगड़ मौसम का मिजाज

पूर्वी भारत की बात करें(Weather Update Today) तो बिहार और झारखंड में भी कुदरत का मिजाज बिगड़ चुका है. बिहार के पटना, गया, सारण, सिवान, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत करीब 18 जिलों में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी है. वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और पलामू जैसे जिलों में वज्रपात यानी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें- ‘ना ना करते प्यार तुम्हीं से कर बैठे…’, पीएम मोदी से सुखबीर बादल ने की मुलाकात, केजरीवाल ने कसा तंज

पहाड़ों पर भी बिगड़े हालात

मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों यानी उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में तूफानी बारिश से लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है. नैनीताल, शिमला, चमोली और कुल्लू में जोरदार बारिश का अलर्ट है. इसके अलावा मौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है. तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओले गिरने की आशंका के कारण खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए किसानों को खेतों में जल निकासी के इंतजाम रखने की सलाह दी गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read