Chittorgarh lightning strike incident
Chittorgarh lightning strike incident: प्रकृति जब अपना रौद्र रूप दिखाती है, तो वह किसी को संभलने का मौका नहीं देती. ऐसा ही एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से सामने आया है. यहां के कनेरा थाना क्षेत्र के लुनखन्दा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में दादा, दादी और उनके मासूम पोते की जान चली गई. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
फसल की रखवाली के लिए खेत पर रुका था परिवार
कनेरा थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) महेंद्र के मुताबिक, यह दुखद घटना सोमवार रात की है. लुनखन्दा गांव का रहने वाला यह परिवार अपने खेत में बनी झोपड़ी में रहकर फसलों की रखवाली कर रहा था. यह खेत गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपूरा-सुखानंदजी मार्ग पर स्थित है. रात के समय अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी.
आधी रात को आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात इलाके में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो रही थी. इसी दौरान एक तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी झोपड़ी पर आ गिरी जिसमें परिवार सोया हुआ था. हादसे के वक्त 60 वर्षीय बद्रीलाल, उनकी पत्नी चंद्रीबाई और उनका पौत्र विशाल (12 वर्ष) एक ही झोपड़ी में सो रहे थे. बिजली का झटका इतना जोरदार था कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
यह भी पढ़ें: आगरा के सर्व ओमेक्स मॉल में सनसनी! कार सवार नाबालिगों ने पार्किंग में फोड़े पटाखे, 4 हिरासत में
पास की झोपड़ी से दौड़कर आए बेटा-बहू, आंखों के सामने था खौफनाक मंजर
मृतक बद्रीलाल और उनका बेटा खेत पर ही बनी दो अलग-अलग झोपड़ियों में रहते थे. आधी रात को जब बिजली गिरने का भयानक धमाका हुआ, तो पास की झोपड़ी में सो रहा बेटा और बहू डरकर बाहर भागे. वे तुरंत माता-पिता की झोपड़ी की तरफ दौड़े. जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए. तीनों अचेत पड़े थे और उनके शरीर से धुआं निकल रहा था.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार तुरंत मौके पर जमा हो गए. आनन-फानन में तीनों को कनेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही एएसआई महेंद्र पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

