Silent Heart Attack in Gym: राजस्थान के चूरू जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. खुद को फिट रखने के लिए जिम पहुंचे एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) की ट्रेडमिल पर दौड़ने के दौरान अचानक साइलेंट हार्ट अटैक आने से मौत हो गई.
घटना का पूरा माजरा जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद से यह खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महज 45 साल की उम्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर फिटनेस और वर्कआउट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ट्रेडमिल पर अचानक लड़खड़ाए प्रिंसिपल(Silent Heart Attack in Gym)
यह दुखद घटना सरदारशहर के एक जिम की है, जहां मंगलवार शाम करीब 7 बजे प्रधानाचार्य बीरबल मेघवाल हमेशा की तरह वर्कआउट करने पहुंचे थे. चश्मदीदों के मुताबिक, वे आराम से ट्रेडमिल पर रनिंग कर रहे थे कि अचानक उनकी रफ्तार धीमी हुई और वे लड़खड़ाकर नीचे गिर पड़े. उन्हें इस तरह बेसुध गिरते देख जिम में मौजूद लोगों और संचालक में हड़कंप मच गया.
जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते समय स्कूल प्रिंसिपल की मौत
चूरू जिले के सरदारशहर के ये प्रिंसिपल 49 साल के है
अपने स्वास्थ्य के लेकर सजग है
रोज जिम जाते है फिर भी हार्ट अटेक … https://t.co/NbZexV7he5
— Nehra Ji (@nehraji778) October 14, 2026
जिम संचालक ने दी सीपीआर
हालात की गंभीरता को भांपते हुए जिम संचालक कैलाश पुनिया तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े. बिना एक सेकंड गंवाए उन्होंने करीब 2 मिनट तक लगातार सीपीआर (CPR) देकर उनकी सांसें वापस लाने की भरपूर कोशिश की. इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तमाम कोशिशों के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, मौत की वजह अचानक आया तीव्र साइलेंट हार्ट अटैक था.
20 साल से दे रहे थे सेवाएं
मृतक बीरबल मेघवाल सरदारशहर के पास स्थित आसपालसर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बतौर प्रधानाचार्य अपनी सेवाएं दे रहे थे. वे पिछले करीब 20 वर्षों से शिक्षा जगत से जुड़े थे. साल 2006 में उनकी पहली नियुक्ति चूरू के सांडवा गांव में व्याख्याता के रूप में हुई थी, और साल 2018 में पदोन्नति पाकर वे प्रिंसिपल बने थे. उनके यूं अचानक दुनिया से चले जाने से उनके परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
सीपीआर ट्रेनिंग पर छिड़ी बहस
इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे प्रदेश में एक बार फिर इस बात पर लंबी चर्चा छिड़ गई है कि क्या जिम जाने वाले लोगों और संचालकों को इमरजेंसी मेडिकल ट्रेनिंग (CPR) नहीं होनी चाहिए? हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारी-भरकम वर्कआउट या ट्रेडमिल रनिंग शुरू करने से पहले हर व्यक्ति को अपना फुल बॉडी चेकअप और हार्ट हेल्थ की जांच जरूर करवानी चाहिए, ताकि ऐसे हंसते-खेल्ते परिवारों उजड़ने से बचाया जा सके
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





