जयपुर, 17 सितंबर 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ. इस दौरान प्रदेशभर में जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की शुरुआत की गई, जिसमें स्वच्छता, शहरी और ग्रामीण सेवा शिविर, रक्तदान और प्रदर्शनी जैसे आयोजन शामिल रहे. इन पहलों का उद्देश्य शासन की सुविधाओं को जनता तक पहुंचाना और अंत्योदय की भावना को साकार करना है.
स्वच्छता अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के मानसरोवर सिटी पार्क में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025’ का शुभारंभ किया. उन्होंने स्वयं श्रमदान कर सफाई की, पौधारोपण किया और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर राजस्थान स्टेट स्वराज एवं वेस्ट वॉटर पॉलिसी 2025 का विमोचन हुआ और सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान जनआंदोलन बन चुका है. उन्होंने बताया कि 2014 में जहां केवल 38% घरों में शौचालय थे, वहीं अब यह आंकड़ा 100% के करीब है. जयपुर के दोनों नगर निगमों का स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष-20 में शामिल होना इसकी सफलता का प्रमाण है.
शहरी सेवा शिविर: सुविधाओं का केंद्र
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मालवीय नगर से ‘शहरी सेवा शिविर 2025’ का उद्घाटन किया, जो नागरिकों के लिए वन-स्टॉप समाधान के रूप में कार्य करेंगे. इन शिविरों में जन्म-मृत्यु पंजीकरण, सीवर कनेक्शन, ट्रेड लाइसेंस, लीज होल्ड व फ्री होल्ड पट्टे, नामांतरण और नाम हस्तांतरण जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी. श्री शर्मा ने कहा कि यह पहल ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को साकार करते हुए जनता के लिए सुविधा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करेगी.
जनता के बीच मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर में एक टी-स्टॉल पर चाय बनाकर और नागरिकों को परोसकर सहज संवाद का उदाहरण पेश किया. उन्होंने यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान किया और स्थानीय पार्षद को निर्देश दिए कि ठेला-थड़ी संचालकों को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ा जाए. यह कदम छोटे व्यवसायियों को आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करेगा.
नमो प्रदर्शनी और रक्तदान शिविर
जेकेके में आयोजित ‘नमो प्रदर्शनी’ का उद्घाटन कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यों की झलकियां देखीं. एक चित्रकार ने लाइव पेंटिंग बनाकर उन्हें भेंट की. इसके अलावा, सीतापुरा और आगरा रोड पर अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान को महादान बताया.
राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरयूएचएस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्यप्रदेश के धार से शुरू हुए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान में हिस्सा लिया. उन्होंने प्रदेश की 8 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में भारत की प्रगति, जैसे डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आयुष्मान भारत, की सराहना की.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


