CM Bhajanlal Sharma
राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने सहकारिता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रदेश को देश के टॉप-5 सहकारी राज्यों में शामिल करा दिया है. यही नहीं, राज्य सरकार ने नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली पेपर लीक की घटनाओं पर निर्णायक कार्रवाई करते हुए इस कुरीति को पूर्णतः समाप्त कर दिया है. अब राजस्थान पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया का उदाहरण बन चुका है.
इन दोनों उपलब्धियों को आज जयपुर के दादिया में आयोजित सहकार एवं रोजगार उत्सव में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक रूप से सराहा. उन्होंने कहा— “राजस्थान को सहकारिता रैंकिंग में टॉप 5 राज्यों में लाना और पेपर लीक जैसी चुनौती पर विजय पाना, भजनलाल जी के नेतृत्व की कार्यक्षमता को दर्शाता है.”
राष्ट्रीय सहकार मेले का उद्घाटन: योजनाओं का लोकार्पण और स्टॉल्स का अवलोकन
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर भव्य आयोजन के तहत राष्ट्रीय सहकार मेले का शुभारंभ किया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सहकारिता विभाग की योजनाओं का लोकार्पण किया और सहकारी संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन कर सराहना की.
राज्य की सुरक्षा को नई गति: 100 नए पुलिस वाहन रवाना
राज्य की आंतरिक सुरक्षा और बलों की दक्षता बढ़ाने के लिए अमित शाह और मुख्यमंत्री ने 100 पुलिस वाहनों को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया. यह पहल थानों, सशस्त्र बलों व प्रशिक्षण संस्थानों की कार्यक्षमता में सुधार लाएगी.
जल संकट से राहत: यमुना जल समझौता और जल जीवन मिशन
अमित शाह ने कहा कि राजस्थान सरकार ने जल संकट जैसी चुनौती को अवसर में बदला है. यमुना जल समझौते को मंजूरी और जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल से जल पहुंचाकर राज्य सरकार ने जनविश्वास अर्जित किया है.
ऊँट संरक्षण में सहकारिता की भूमिका
राजस्थान की पहचान ‘ऊँट’ के संरक्षण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ऊँटनी के दूध के औषधीय गुणों पर अनुसंधान शुरू कर चुकी हैं. यह प्रयास सहकारी ढांचे के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था और संस्कृति को मजबूती देगा.
कृषि में महाशक्ति बना राजस्थान
राजस्थान आज देश की कृषि अर्थव्यवस्था में एक स्तंभ बन चुका है. ग्वार का 90 प्रतिशत, सरसों का 46 प्रतिशत, बाजरे का 44 प्रतिशत, तिलहन का 22 प्रतिशत और मिलेट्स का 15 प्रतिशत उत्पादन राजस्थान से होता है, जिससे राज्य इन फसलों के उत्पादन में देश में अग्रणी बन चुका है.
मोदी सरकार की योजनाओं का सफल क्रियान्वयन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं — मुफ्त आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, मुफ्त राशन और इलाज — का राजस्थान में शानदार क्रियान्वयन हुआ है. अमित शाह ने कहा कि “राजस्थान में इन योजनाओं का ज़मीनी असर साफ़ दिखता है, जो भजनलाल जी की नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है.”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दृष्टिकोण: सहकारिता से आत्मनिर्भरता की ओर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा— “सहकारिता केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि गांव-गांव को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है.” उन्होंने बताया कि अब तक 5000 से अधिक महिला सहकारी समितियाँ सशक्त की गई हैं. ‘एक जिला, एक उत्पाद’ के तहत 22 जिलों में प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को प्रोसेसिंग यूनिट्स से जोड़ा गया है. हर पंचायत समिति स्तर पर बहुउद्देशीय सहकारी समिति स्थापित करने का लक्ष्य तय किया गया है. सहकारिता मंत्रालय का डिजिटलीकरण और पुनर्गठन तेज़ी से किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा— “हमारा प्रयास है कि हर युवा स्टार्टअप और स्वरोज़गार से जुड़े, हर महिला आर्थिक रूप से सशक्त बने और हर किसान को उत्पादन से विपणन तक की पूरी ताक़त सहकारिता से मिले.”
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



