Rajkot municipal bill: गुजरात के राजकोट महानगर पालिका क्षेत्र में फरवरी 2026 में तीन दिन तक चला अतिक्रमण विरोधी अभियान अब खर्चे को लेकर सुर्खियों में है. अभियान के दौरान चाय-नाश्ते और पानी पर हुए खर्च का बिल देखकर अधिकारी हैरान रह गए.
47 लाख का बिल
प्रेमवती रेस्टोरेंट की ओर से मनपा को करीब 47 लाख रुपये का बिल भेजा गया है. इसमें 21 हजार कप चाय, 21 हजार गिलास नींबू शिकंजी, 7 लाख रुपये के गांठिया-जलेबी और ढाई लाख मिनरल वाटर की बोतलें शामिल हैं. भोजन और नाश्ते पर 27 लाख रुपये खर्च दिखाया गया है, जबकि पानी पर 12 लाख 40 हजार रुपये का बिल है.
बिल पर सवाल
जागरूक नागरिकों ने जब इस खर्च की जांच की तो पता चला कि पांच रुपये की छोटी बोतल का आठ रुपये का बिल बनाकर मनपा को सौंपा गया है. इस पर स्थायी समिति ने फिलहाल बिलों को रोक दिया है और जांच शुरू कर दी है.
अधिकारी और कर्मचारियों का आनंद
अभियान के दौरान अधिकारियों ने काजू मिठाई, खजूर रोल और वेफर-समोसा का स्वाद लिया, जबकि कर्मचारियों ने गांठिया, जलेबी, पोहा, चाय, नींबू शिकंजी और छाछ का मजा उठाया. लोगों में चर्चा है कि यह अभियान अतिक्रमण हटाने के लिए था या फिर पिकनिक के लिए.
अभियान का पैमाना
जंगलेश्वर इलाके में चले इस अभियान में करीब पांच हजार अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए थे. साथ ही ढाई सौ मशीनें भी लगाई गई थीं. तीन दिन तक चली कार्रवाई में 181 मकानों और छह मस्जिदों को हटाने की योजना बनाई गई थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


