Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

कहासुनी के बाद वोट डालने पहुंची पल्लवी पटेल ने किया इनका समर्थन, अखिलेश का छलका दर्द

ब्रजेश पाठक ने कहा कि, “हमारे आठों प्रत्याशी जीत रहे हैं, सभी मतदाताओं और विधायकों का समर्थन और आशीर्वाद भाजपा के साथ है.

फोटो-सोशल मीडिया

Rajya Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश में 10 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव जारी है. इसी बीच सपा खेमे में टूट जारी है. लगातार सपा विधायक अखिलेश का साथ छोड़कर भाजपा प्रत्याशी को वोट दे रहे हैं. तो इसी बीच अखिलेश के साथ पल्लवी पटेल की हुई कहासुनी के बीच अभी तक वह वोट डालने के लिए नहीं पहुंची हैं. इस पर अखिलेश ने मीडिया को बयान दिया है और कहा है कि, “वे अभी तक नहीं आई हैं तो वे जानें. मैं किसी की अंतरात्मा के बारे में नहीं जानता.” हालांकि अखिलेश के बयान के काफी देर बाद पल्लवी वोट डालने पहुंची हैं.

बता दें कि यूपी में 10 सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव सपा के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है. पार्टी के कई विधायकों ने बागी रुख अख्तियार करते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है और क्रॉस वोटिंग की है. इसी के साथ ही सपा मे जारी कलह भी खुलकर सामने आ गई है. सूत्रों की मानें तो मतदान को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और अपना दल कमेरावादी की नेता पल्लवी पटेल के बीच कहासुनी भी हो गई. पल्लवी पटेल ने पहले ही सपा के घोषित दो प्रत्याशियों से नाराजगी जताई थी और साफ कह दिया था कि वह सपा के पक्ष में वोट नहीं करेंगी. इसी के साथ ही राज्यसभा के मतदान से दूर रहने की घोषणा की थी. इसी बीच वोटिंग के लिए मतदान जारी है और दोपहर हो गई है लेकिन पल्लवी अभी तक वोट डालने नहीं पहुंची हैं. इस दौरान अखिलेश यादव के चेहरे पर दर्द साफ दिखाई दे रहा था.

इस सवाल पर अखिलेश यादव ने मीडिया को बयान दिया है कि, “वे अभी तक नहीं आई हैं तो वे जानें. मैं किसी की अंतरात्मा के बारे में नहीं जानता.” इसी के साथ ही अखिलेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “राज्यसभा के चुनाव में वोट लेने के लिए भाजपा ने सब कुछ किया है, जो लोग गए हैं उनमें सरकार के खिलाफ खड़ा होने का साहस नहीं रहा होगा. कार्रवाई जरूर होगी क्योंकि हमारे साथियों का मानना है कि ऐसे लोगों को दूर कर देना चाहिए.” इसी के साथ ही समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल के मुख्य सचेतक के पद से मनोज पाण्डेय के इस्तीफे पर उन्होंने कहा, “अभी तक वे कद्दावर नेता लग रहे थे, लेकिन कद्दावर नेता निकले नहीं.”

ये भी पढ़ें-UP Rajya Sabha Elections 2024: अखिलेश के बयान पर केशव प्रसाद का पलटवार बोले-“खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे”

बता दें कि राज्य सभा चुनाव के बीच सपा के मुख्य सचेतक व विधायक मनोज पांडेय ने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है. इसी के साथ ही खबर सामने आ रही है कि, सपा के करीब छह विधायकों ने खुलकर भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है. इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा विधायक अभय सिंह, राकेश सिंह, राकेश पांडेय, विनोद चतुर्वेदी और मनोज पांडेय से मुलाकात की तो वहीं कुछ देर बार ही बदायूं से सपा विधायक आशुतोष मौर्य ने भी भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया है.

सपा विधायक पल्लवी पटेल ने डाला वोट

इसी बीच खबर सामने आ रही है कि, सिराथू से सपा की विधायक पल्लवी पटेल ने राज्यसभा चुनाव में वोट डाल दिया है और मतदान के बाद बाहर निकल कर उन्होंने कहा कि,”मैं पीडीए के लिए प्रतिबद्ध हूं और मेरा वोट भी पीडीए के पक्ष में गया है.” इसी के साथ ही उन्होंने बताया कि, “मैने रामजीलाल सुमन को वोट किया है. मैने पीडीए को वोट किया है.”

जीत रहे हैं सभी प्रत्याशी

इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का बयान सामने आया है और उन्होंने राज्यसभा चुनाव पर कहा, “हमारे आठों प्रत्याशी जीत रहे हैं, सभी मतदाताओं और विधायकों का समर्थन और आशीर्वाद भाजपा के साथ है.”

 

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital