Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

रियासी के महोरे में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, खटाजी के जंगलों से हथियार और गोला-बारूद बरामद

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के महोरे तहसील में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है. यह बरामदगी खटाजी रिज के घने जंगलों वाले इलाके में की गई.

रिपोर्ट- रवि शर्मा, जम्मू


जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सुरक्षाबलों को तलाशी अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है. महोरे तहसील के खटाजी रिज इलाके में घने जंगलों के बीच छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है. सुरक्षाबलों ने बरामद पूरा सामान अपने कब्जे में ले लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसे वहां किसने और किस मकसद से छिपाया था.

अधिकारियों के अनुसार, सेना की स्थानीय इंटेलिजेंस यूनिट को इलाके में हथियार और युद्ध संबंधी सामान छिपाए जाने से जुड़ा एक खास इनपुट मिला था. इस सूचना के आधार पर 58 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने खटाजी रिज के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया.

जंगल में छिपाकर रखा था सामान

अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जंगल के एक हिस्से में छिपाकर रखा गया सैन्य इस्तेमाल का सामान बरामद किया. तलाशी में AK-47 के 140 राउंड, PIKA LMG के 19 राउंड और 9mm पिस्टल के 25 राउंड मिले. इसके अलावा एक ग्रेनेड, छह कैसेट, एक AK मैगजीन और एक पिस्टल भी बरामद की गई है.

घने जंगल और दुर्गम इलाका होने के कारण ऐसे क्षेत्रों में तलाशी अभियान सुरक्षाबलों के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है. हालांकि, खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम को हथियारों का यह भंडार खोजने में सफलता मिली.

बरामद हथियारों और गोला-बारूद को कब्जे में लेने के बाद सुरक्षाबलों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये हथियार कितने समय से यहां छिपाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस गतिविधि के लिए किया जाना था. साथ ही, इस बरामदगी का किसी आतंकी नेटवर्क या इलाके में सक्रिय अन्य संदिग्ध गतिविधियों से संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा सकती है.

यह भी पढ़ें- ऑटो सेक्टर में बड़े बदलाव का दौर, पीएम मोदी ने बताया आगे का रास्ता

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital