Bharat Express DD Free Dish

500 करोड़ से तैयार Rewa Airport की दीवार एक साल के भीतर ही बारिश से भरभराकर गिरी, अफसर बोले- पानी रोकने को थोड़ी न बनाई थी

मध्‍य प्रदेश में रीवा एयरपोर्ट की एक दीवार बारिश के कारण ढह गई. 10 महीने पहले ही एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ था. लागत 500 करोड़ बताई जा रही है. दीवार गिरने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.

मध्य प्रदेश के रीवा में 500 करोड़ रुपये की लागत से बने रीवा एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल एक साल के भीतर ही ढह गई. वो इलाके में हुई तेज बारिश को सह नहीं पाई. करीब 10 महीने पहले ही एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया था.

बारिश से एयरपोर्ट की दीवार ढहने से अब उसके निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं. पिछले साल 20 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था. 323 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट को विंध्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना गया था.

रीवा में दूसरी बार हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी बारिश के कारण दीवार के नीचे की जमीन धंस गई, जिससे रात में बाउंड्री का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया. यह पहली बार नहीं है; पिछले साल 2024 के मॉनसून में भी ऐसी ही घटना हुई थी, जब एयरपोर्ट अभी चालू नहीं हुआ था. सोशल मीडिया पर लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, कुछ ने इसे भ्रष्टाचार का परिणाम बताया. एक यूजर ने लिखा, “मोदी जी ने उद्घाटन किया, लेकिन दीवार पहली बारिश में ढह गई.”

rewa-airport-wall-collapse

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दी ये सफाई

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सफाई दी है कि यह दीवार पानी रोकने के लिए नहीं बनाई गई थी. वहीं, रीवा के कलेक्टर ने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण यह हादसा हुआ. प्रशासन ने निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने की बात कही है. कांग्रेस ने इस घटना को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है.

बताते चलें कि रीवा एयरपोर्ट को भोपाल, जबलपुर और खजुराहो से जोड़ने वाली 19-सीटर उड़ानें शुरू की गई थीं, और भविष्य में 72-सीटर विमानों की योजना थी. लेकिन इस घटना ने परियोजना की स्थायित्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं. भारी बारिश से रीवा में बाढ़ की स्थिति भी बनी, जिसने स्थानीय निवासियों और व्यवसायों को प्रभावित किया.

यह भी पढ़िए— लखनऊ में लगातार हो रही बारिश के चलते दीवार गिरी,9 मज़दूरों की दबकर मौत



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read