Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

ऋषिकेश में कोरोना वायरस की दस्तक, AIIMS की डॉक्टर समेत दो महिलाएं पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

ऋषिकेश एम्स की डॉक्टर और गुजरात से आई एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गईं. स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू की. लोग रहें सतर्क और कोविड नियमों का पालन करें.

AIIMS Rishikesh COVID Case

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ऋषिकेश की एक डॉक्टर सहित दो महिलाओं के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. दोनों महिलाएं हाल ही में बेंगलुरु और गुजरात से उत्तराखंड आई थीं. पॉजिटिव पाए जाने के बाद दोनों को आइसोलेशन में रखा गया है और इनके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं.

AIIMS की डॉक्टर में दिखे कोरोना के लक्षण

जानकारी के अनुसार, एम्स ऋषिकेश में कार्यरत एक डॉक्टर जो बेंगलुरु से लौटी थीं, में कोरोना के हल्के लक्षण दिखाई दिए. जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई. उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वे घर पर ही आइसोलेशन में इलाज करवा रही हैं. डॉक्टर ने बताया कि उन्हें बुखार और गले में खराश जैसे लक्षण थे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत जांच कराई. एम्स प्रशासन ने डॉक्टर के संपर्क में आए स्टाफ और मरीजों की सूची तैयार कर उनकी स्क्रीनिंग शुरू कर दी है.

धार्मिक प्रवचन सुनने आई महिला कोरोना पॉजिटिव

दूसरी महिला जो गुजरात से ऋषिकेश धार्मिक प्रवचन सुनने आई थीं, वह भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं. यह महिला पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं. लक्षण दिखने पर उनकी जांच की गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

लोगों से की गई सतर्क रहने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिलाओं के यात्रा और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करें, मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाए रखें.

नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग को किया सर्तक

कोरोना के मामलों में हाल के महीनों में कमी देखी गई थी लेकिन इन नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग को फिर से सतर्क कर दिया है. विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम बदलने और यात्रा में वृद्धि के कारण मामलों में उछाल की आशंका बनी हुई है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital