Bharat Express DD Free Dish

फर्जी CBI रेड का फिल्मी खेल, आईडी-वारंट मांगते ही भागे ‘अफसर’

Rohini Fake CBI Raid: दिल्ली के रोहिणी में 8 से 10 लोग खुद को CBI अधिकारी बताकर कारोबारी के घर कथित रेड के लिए पहुंचे और अंदर घुसने की कोशिश की. महिला ने ID, सर्च वारंट और ऑथराइजेशन लेटर मांगा तो संदिग्धों की पोल खुल गई और वे गाड़ी लेकर मौके से निकल गए.

Rohini Fake CBI Raid

फोटो क्रेडिट- एआई जनरेटेड

Rohini Fake CBI Raid: फिल्म ‘स्पेशल 26’ में जिस अंदाज में नकली अफसर बनकर रेड डालने का खेल दिखाया गया था, कुछ वैसा ही नजारा दिल्ली के रोहिणी इलाके में देखने को मिला. फर्क बस इतना था कि यहां फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं, बल्कि असली जिंदगी का मामला था. एक कारोबारी के घर अचानक 8 से 10 लोग खुद को CBI अधिकारी बताकर पहुंचे और रेड के नाम पर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे. लेकिन घर में मौजूद महिला ने ऐसा पेंच फंसाया कि कथित अफसरों का पूरा खेल ही बिगड़ गया.

‘पहले आईडी दिखाइए, फिर खुलेगा दरवाजा’

बताया गया है कि संदिग्ध लोग घर के बाहर पहुंचकर खुद को CBI अधिकारी बताने लगे. उन्होंने अंदर आने के लिए दबाव बनाया, लेकिन महिला ने दरवाजा खोलने से साफ इनकार कर दिया. उनका सीधा सवाल था- पहले अपनी आईडी और रेड से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज दिखाइए. महिला की इस मांग के बाद मामला दिलचस्प हो गया. कथित अफसर करीब डेढ़ घंटे तक दरवाजे पर खड़े रहे और लगातार अंदर आने का दबाव बनाते रहे. लेकिन महिला ने अंदर की कुंडी नहीं खोली.

पड़ोसी पहुंचे तो बढ़ गई ‘अफसरों’ की टेंशन

इसी दौरान आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए. पड़ोसियों ने भी संदिग्धों से सर्च वारंट और ऑथराइजेशन लेटर दिखाने को कहा. इसके बाद उनकी कहानी पर शक और गहरा गया. शिकायत के मुताबिक, सभी ने CBI के लोगो वाले कपड़े पहन रखे थे और गले में पहचान पत्र भी लटकाए हुए थे.

यह भी पढ़ें: ‘कठिन समय में भी डटे रहो…’ PM मोदी ने शेयर किया प्रेरक संस्कृत श्लोक, दिया खास संदेश

WhatsApp पर भेजा ‘फर्जी नोटिस’, फिर कर दिया डिलीट

मामले में सबसे फिल्मी ट्विस्ट तब आया, जब संदिग्धों ने कारोबारी के पिता के मोबाइल पर WhatsApp के जरिए एक कथित नोटिस भेजा. नोटिस पर CBI डायरेक्टर का नाम और कथित हस्ताक्षर भी थे. हालांकि कुछ देर बाद संदेश डिलीट कर दिया गया. लेकिन तब तक परिवार स्क्रीनशॉट ले चुका था. जब हार्ड कॉपी दिखाने को कहा गया तो कथित अफसरों ने कहा कि कागज गाड़ी में है. इसके बाद वे दस्तावेज लाने के बजाय गाड़ी में बैठे और वहां से निकल गए.

पुलिस को दी सूचना, जांच शुरू

संदिग्धों के जाते ही परिवार ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. अब पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ये लोग कौन थे और CBI के नाम पर घर में घुसने की कोशिश क्यों कर रहे थे. महिला की सतर्कता ने फिलहाल एक संदिग्ध ‘रेड’ को अंजाम तक पहुंचने से जरूर रोक दिया.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read