Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

राऊज एवेन्यु कोर्ट ने बीजेपी नेता करनैल सिंह को मानहानि मामले में किया नोटिस जारी 

सत्येंद्र जैन ने बीजेपी नेता करनैल सिंह के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया. राऊज एवेन्यु कोर्ट ने करनैल सिंह को नोटिस जारी कर 3 मार्च तक जवाब देने को कहा है.

Satyendra Jain
Aarika Singh Edited by Aarika Singh

दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले में राऊज एवेन्यु कोर्ट ने बीजेपी नेता करनैल सिंह को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने करनैल सिंह से 3 मार्च तक जवाब देने के लिए कहा है. यह मामला करनैल सिंह द्वारा सत्येंद्र जैन पर लगाए गए भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जुड़ा हुआ है.

कोर्ट की पूछताछ और जैन के वकील का तर्क

पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सत्येंद्र जैन से यह पूछा था कि भाजपा नेता करनैल सिंह के खिलाफ मानहानि का मुकदमा विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट में कैसे चल सकता है, जबकि वे खुद शिकायतकर्ता हैं, न कि आरोपी. इस पर जैन के वकील ने दिल्ली हाई कोर्ट के एक निर्णय का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि यदि कोई पूर्व विधायक शिकायतकर्ता है तो वह विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट में मुकदमा दायर कर सकता है.

करनैल सिंह द्वारा लगाए गए आरोप

सत्येंद्र जैन ने कहा कि करनैल सिंह ने आरोप लगाए थे कि उनके घर से 37 किलो सोना बरामद किया गया और उनके नाम पर 1100 एकड़ जमीन है. साथ ही, यह आरोप भी लगाया कि जैन ने भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति बनाई और मनी लॉन्ड्रिंग की. इसके अलावा, करनैल सिंह ने यह भी कहा कि जैन भू-माफिया हैं और उन्हें फिर से जेल भेजा जाएगा. सत्येंद्र जैन ने इन आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया और कहा कि बीजेपी उनकी छवि को खराब कर रही है.

बीजेपी नेता करनैल सिंह की चुनावी जीत

बीजेपी नेता करनैल सिंह ने 2020 विधानसभा चुनाव में शकूरपुर बस्ती सीट से सत्येंद्र जैन को हराया था. करनैल सिंह को 56,869 वोट मिले, जबकि सत्येंद्र जैन को 35,871 वोट ही मिले.

-भारत एक्सप्रेस


इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital