आज 2 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का विजयादशमी समारोह नागपुर के रेशमबाग मैदान में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस बार का उत्सव खास है क्योंकि संघ अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है. इस ऐतिहासिक मौके पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं. वे बुधवार को ही नागपुर पहुंच गए थे और दीक्षाभूमि जाकर डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी.
कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत संघ प्रमुख मोहन भागवत के शस्त्र पूजन से होगी. इसके बाद योग प्रदर्शन के अलावा अलग-अलग पारंपरिक आयोजन होंगे. मोहन भागवत का वार्षिक विजयादशमी भाषण भी इसी मंच से होगा जिसमें वे संगठन की दिशा और भविष्य की योजनाओं पर बात करेंगे.
आयोजन में कितने स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे?
इस समारोह में करीब 21,000 स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं. साथ ही देशभर की 83 हजार से ज्यादा शाखाओं में भी विजयादशमी का उत्सव मनाया जा रहा है. RSS ने अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक लाख से ज्यादा हिंदू सम्मेलनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है.
संघ की ऐतिहासिक यात्रा को सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर को खास बनाते हुए एक अक्टूबर को दिल्ली में विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी किया था. यह संघ की ऐतिहासिक यात्रा को सम्मान देने का प्रतीक है.
विदेशी मेहमान भी हो रहे शामिल
इस बार के समारोह में विदेशी मेहमान भी शामिल हो रहे हैं. घाना, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड, यूके और अमेरिका से आए प्रतिनिधि इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे. इसके अलावा देश के कई प्रतिष्ठित लोग जैसे लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलित, डेक्कन समूह के केवी कार्तिक और बजाज समूह के संजीव बजाज भी आमंत्रित हैं.
इसे भी पढ़ें-Gandhi Jayanti : गांधी जी की 156वीं जयंती पर याद आया उनका लंदन का सफर, जब बने थे बैरिस्टर
संघ की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी. तब से लेकर आज तक यह दिन संघ के लिए प्रेरणा और संकल्प का प्रतीक बना हुआ है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

