रुद्रप्रयाग में कैसे 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो
Rudraprayag Accident: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में सोमवार देर रात बोलेरो के 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. हादसा अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर हुआ. बोलेरो में सवार सभी 10 लोग पोखरी में एक शादी समारोह से शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कंडारा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे गहरी खाई में जा गिरी.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे. सभी शादी समारोह से लौट रहे थे. रात का समय था और वे कंडारा मोटर मार्ग से गुजर रहे थे. इसी दौरान कंडारा के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी.
🚨 देर रात्रि बोलेरो वाहन खाई में गिरा, पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन।
दिनांक 16.11.2026 की देर रात्रि बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन (UK 13 TA 1013) भट्टवारी-कण्डारा, अगस्त्यमुनि क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
📞 रात्रि लगभग 10:00 बजे डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित सभी बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ किया।
🚑 रात भर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार सभी व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला गया। इस दुःखद दुर्घटना में 04 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 06 व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 04 को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
🕯️ रुद्रप्रयाग पुलिस इस दुःखद घटना में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करती है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती है।
सोशल मीडिया सेल पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग।
— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) November 17, 2026
अंधेरे और खड़ी चट्टानों के बीच चला रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. दुर्गम पहाड़ी इलाका, घना अंधेरा और खड़ी चट्टानें बचाव अभियान में बड़ी चुनौती बनीं. इसके बावजूद टीमों ने देर रात तक रेस्क्यू चलाया और खाई में फंसे सभी 10 लोगों को बाहर निकाला. घायलों को स्ट्रेचर के सहारे सड़क तक पहुंचाया गया और फिर अस्पताल भेजा गया.
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसे में रांसी गांव के 60 वर्षीय कुंवर सिंह और 40 वर्षीय मदन सिंह, दैड़ा गांव के 42 वर्षीय सूरज सिंह और गैड़ बस्ती के 70 वर्षीय बलवीर सिंह की मौत हो गई. छह लोग घायल हुए हैं. इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों ने भी बचाव दलों का साथ दिया. हादसे की जानकारी मिलने पर कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे.
ये भी पढ़ें- ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा! पुल से 100 मीटर नीचे पानी में गिरी बस, 8 लोगों की हो गई मौत
क्यूंजा घाटी को उत्तराखंड की डेथ वैली कहा जा सकता है, क्योंकि वहां ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं. इसका मुख्य कारण संकरे और उबड़-खाबड़ रोड हैं. पहाड़ी रास्ते अक्सर संकरे होते हैं, और जब रास्ते उबड़-खाबड़ हों तो वो एक्सर डेथ रोड बन जाते हैं. इन रास्तों के दोनों तरफ गहरी खाइयां है. अगर ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण थोड़ा भी हटता है तो वो सीधे सैकड़ों फीट गहरी खाइयों में गिरता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





