Urdu Conclave 2026

बस में युवतियों से अश्लील हरकत, विरोध करते ही पड़ा थप्पड़; CCTV में कैद हुई मनचले की करतूत

Sagar bus harassment case: सागर के देवरी बस स्टैंड पर यात्री बस में एक युवक द्वारा युवतियों से कथित अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है. विरोध करने पर युवती ने आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया, घटना CCTV में कैद हुई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Sagar bus harassment case:

Sagar bus harassment case:

Sagar bus harassment case: मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी बस स्टैंड से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक मामला सामने आया है. यात्री बस में सफर कर रही युवतियों के साथ एक युवक ने कथित तौर पर अश्लील हरकत और आपत्तिजनक इशारे किए. जब एक युवती ने उसकी हरकतों का विरोध किया तो उसने बिना डरे युवक को जोरदार थप्पड़ मार दिया. पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

अश्लील इशारों का किया विरोध

जानकारी के अनुसार, घटना देवरी बस स्टैंड से रवाना होने वाली एक यात्री बस की है. वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक युवक युवतियों की सीट के पास खड़ा दिखाई देता है. आरोप है कि वह लगातार अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहा था. शुरुआत में युवतियों ने उसकी हरकतों को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब युवक नहीं माना तो एक युवती ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया और उसे थप्पड़ जड़ दिया.

थप्पड़ पड़ते ही बस से भागा आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती के विरोध और थप्पड़ मारने के बाद बस में मौजूद अन्य यात्रियों का भी ध्यान युवक की ओर गया. खुद को घिरता देख आरोपी तुरंत बस से उतरकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद बस में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि यात्रियों ने युवती के साहस की सराहना की.

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. अधिकारियों का कहना है कि बस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है. वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: चश्मदीदों को धमकी, मां की बेबसी और डायल 112 का वो कॉल; वैशाली में वर्दी वाली बेटी के साथ किसने की हैवानियत?

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. आए दिन बसों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आती रहती हैं. लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और कड़ी सजा से ही मनचलों पर अंकुश लगाया जा सकता है. फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read