Salman Khan Assam flood relief
Salman Khan Assam flood relief: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर अपने मानवीय प्रयासों को लेकर चर्चा में हैं. फिल्मों से इतर इस बार उनकी पहल असम के उन परिवारों के लिए है, जिन्होंने बाढ़ की विभीषिका में अपना घर खो दिया. पहले राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध कराने के बाद अब सलमान खान ने पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. उनकी संस्था Being Human ने गैर-लाभकारी संगठन Global Sikhs के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित 500 परिवारों के लिए अर्ध-स्थायी घर बनाने का संकल्प लिया है.
‘आशियाना’ अभियान से लौटेगी उजड़े परिवारों की मुस्कान
जानकारी के अनुसार, यह पहल संयुक्त अभियान ‘आशियाना’ के तहत शुरू की गई है. इस अभियान का उद्देश्य उन परिवारों को सुरक्षित छत उपलब्ध कराना है, जो बाढ़ में बेघर हो चुके हैं. घरों का निर्माण बांस और टिन शीट से किया जा रहा है, ताकि भविष्य में आने वाली बाढ़ के दौरान नुकसान कम हो सके. प्रत्येक घर की अनुमानित लागत 35 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है. असम के कई गांव अब भी बाढ़ के प्रभाव से उबरने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे समय में यह पहल प्रभावित परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है.
रणदीप हुड्डा के राहत कार्यों से मिली प्रेरणा
सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान ने अभिनेता रणदीप हुड्डा द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों के वीडियो देखने के बाद इस अभियान में रुचि दिखाई. इसके बाद उन्होंने एक साझा परिचित के माध्यम से रणदीप से संपर्क कर जमीनी स्थिति और प्रभावित इलाकों की जरूरतों की जानकारी ली. बताया जाता है कि रणदीप ने उन्हें जानकारी दी कि Global Sikhs के करीब 70 स्वयंसेवक लगातार राहत और पुनर्वास के कार्य में जुटे हुए हैं. इसके बाद Being Human ने इस मिशन में सहयोग देने का निर्णय लिया.
यह भी पढ़ें: सिनेमाघरों में रिलीज हुई नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’, दर्शकों ने की जमकर तारीफ
220 घर बनकर तैयार, 500 घरों का लक्ष्य
संयुक्त अभियान के तहत अब तक 220 अर्ध-स्थायी घर तैयार किए जा चुके हैं. ये घर असम के सबसे अधिक प्रभावित गांवों में शामिल नेपाली खुटी में बनाए गए हैं. निर्माण पूरा होने के साथ ही प्रत्येक घर संबंधित परिवार को सौंपा जा रहा है. सलमान खान की इस पहल की सोशल मीडिया पर भी सराहना हो रही है. फैंस का कहना है कि मुश्किल समय में किसी के सिर पर छत देना सबसे बड़ी मदद होती है. यह पहली बार नहीं है जब सलमान खान ने सामाजिक सरोकारों के लिए आगे कदम बढ़ाया हो. इससे पहले भी उनकी संस्था Being Human शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा राहत जैसे कई क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों की मदद करती रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
