पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को नई दिल्ली के यशोभूमि में ‘सेमीकॉन इंडिया-2025’ (Semicon India-2025) का उद्घाटन करेंगे, जिसका उद्देश्य भारत के सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ाना है. 2 से 4 सितंबर तक आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय सम्मेलन भारत में एक मजबूत, लचीला और टिकाऊ सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर केंद्रित होगा. इसमें सेमीकॉन इंडिया (Semicon India-2025) कार्यक्रम की प्रगति, सेमीकंडक्टर फैब और उन्नत पैकेजिंग परियोजनाएं, बुनियादी ढांचे की तैयारी, स्मार्ट विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में नवाचार, निवेश के अवसर, राज्य स्तरीय नीति कार्यान्वयन आदि पर सत्र होंगे.
Semicon India-2025 में शामिल होंगी 350 से अधिक कंपनियां
33 देशों और क्षेत्रों की 350 से अधिक प्रदर्शनी कंपनियां और रिकॉर्ड संख्या में वैश्विक हितधारक सेमीकॉन इंडिया 2025 में भाग लेंगे, जिसका आयोजन इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत भारत सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) और वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग संघ सेमी द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है. तीन दिवसीय कार्यक्रम में उद्योग जगत के अग्रणी, नवप्रवर्तक, शिक्षा जगत, सरकार और अन्य हितधारकों को एक साथ लाया जाएगा, ताकि सम्पूर्ण आपूर्ति श्रृंखला में सहयोग और प्रौद्योगिकी उन्नति को बढ़ावा दिया जा सके.
2021 में शुरू हुआ था मिशन सेमीकंडक्टर
2021 में भारत सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) की शुरुआत के बाद से, केवल चार वर्षों में, भारत ने अपनी सेमीकंडक्टर यात्रा को एक सपने से हकीकत में बदल दिया है. इस सपने को साकार करने के लिए, सरकार ने 76,000 करोड़ रुपये की उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना की घोषणा की, जिसमें से लगभग 65,000 करोड़ रुपये पहले ही दिए जा चुके हैं.
सेमीकॉन इंडिया 2025 वैश्विक सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र में भारत की पुनर्परिभाषित भूमिका को प्रदर्शित करने के लिए तैयार है. इसमें लगभग 350 प्रदर्शक, 15,000 से अधिक संभावित आगंतुक, 6 देशीय गोलमेज सम्मेलन, 4 देशीय मंडप और 9 भारतीय राज्यों की भागीदारी होगी, जो सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों के लिए दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा मंच प्रदान करेगा.
इस कार्यक्रम में भारत की सेमीकंडक्टर प्रगति पर प्रकाश डाला जाएगा, जिसमें उच्च-मात्रा फैब्स, उन्नत पैकेजिंग, कम्पाउंड सेमीकंडक्टर, ओएसएटी और अनुसंधान और स्टार्ट-अप के लिए सरकारी समर्थन सहित 10 अनुमोदित रणनीतिक परियोजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली आते ही PM मोदी ने CM भगवंत मान को लगाया फ़ोन, जानिए किन मुद्दों को लेकर हुई दोनों के बीच बात?
“अगले सेमीकंडक्टर पावर हाउस का निर्माण” विषय के अंतर्गत, यह कार्यक्रम फैब्स, उन्नत पैकेजिंग, स्मार्ट विनिर्माण, एआई, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन, स्थिरता, कार्यबल विकास, डिजाइन और स्टार्टअप जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नवाचारों और रुझानों पर बहुमूल्य अंतर्दृष्टि प्रदान करेगा. अब तक सेमीकॉन इंडिया के तीन संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं: 2022 (बेंगलुरु), 2023 (गांधीनगर) और 2024 (ग्रेटर नोएडा).
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

