Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

शिवा शर्मा केस में नया CCTV वीडियो, श्रद्धा दुबे के साथ पार्टी को जाते दिखे कारोबारी; जांच में जुटी पुलिस

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में एक नया CCTV वीडियो सामने आया है.

New CCTV video in the Shiva Sharma case

शिवा शर्मा केस में नया CCTV वीडियो

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं. इसी बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसने इस चर्चित केस को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. मामले में पहले ही मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर की गिरफ्तारी हो चुकी है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और केस की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश में लगी हुई है.

वीडियो में साथ नजर आए शिवा और श्रद्धा

सामने आए वीडियो में श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा एक साथ दिखाई दे रहे हैं. इनके अलावा एक अन्य युवती भी उनके साथ मौजूद नजर आती है. वीडियो में श्रद्धा काले रंग की ड्रेस में दिखाई दे रही हैं. फुटेज में ऐसा भी देखा जा सकता है कि श्रद्धा और शिवा एक-दूसरे के बेहद करीब मौजूद हैं और दोनों साथ चलते नजर आते हैं.

मौत से पहले का बताया जा रहा फुटेज

मिली जानकारी के अनुसार यह वीडियो शिवा शर्मा की मौत से पहले रिकॉर्ड हुआ था. बताया जा रहा है कि यह सीसीटीवी फुटेज 4 अगस्त 2026 का है. वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि रात करीब एक बजे शिवा शर्मा, श्रद्धा दुबे और उनके साथ मौजूद एक अन्य लड़की कहीं पार्टी के लिए जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. अब जांच एजेंसियां इस फुटेज को भी मामले के अहम साक्ष्य के तौर पर देख रही हैं.

9 अक्टूबर को हुई थी शिवा शर्मा की मौत

गौरतलब है कि शिवा शर्मा लखनऊ में एक कैफे का संचालन करते थे. बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी. घटना की परिस्थितियां शुरू से ही सवालों के घेरे में रही हैं. बाद में शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि पहले शिवा को प्रताड़ित किया गया और फिर उसे बालकनी से नीचे फेंक दिया गया.

फरारी के बाद नागपुर से हुई गिरफ्तारी

घटना के बाद श्रद्धा दुबे लापता हो गई थी. शुरुआती दौर में उसके नेपाल भागने की चर्चाएं भी सामने आई थीं. हालांकि बाद में यूपी पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

मोबाइल फोन और सामान की हो रही जांच

पुलिस अब आरोपियों से मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है. पुलिस उपायुक्त (मध्य) अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार, नागपुर से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाकर विस्तार से पूछताछ की गई. उनके कब्जे से बरामद दो मोबाइल फोन समेत अन्य वस्तुओं को सील कर जांच के लिए भेजा जा रहा है.

फरारी के दौरान किसने की मदद?

जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगाने में जुटी हैं कि फरार रहने के दौरान आरोपियों को किस-किस व्यक्ति ने सहयोग दिया. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि पिछले 10 दिनों में वे किन जगहों पर रुके और किसके संपर्क में रहे. अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-लिव-इन पार्टनर ही निकली कातिल? श्रद्धा दुबे का 8वीं क्लास से ही विवादों से नाता, सहपाठी का सनसनीखेज दावा

श्रद्धा ने हत्या के आरोपों को बताया गलत

इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में श्रद्धा दुबे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है. उसका कहना है कि शिवा शर्मा ने खुद बालकनी से छलांग लगाई थी. श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और वह पहले भी आत्महत्या की बातें करता था. फिलहाल पुलिस सभी बयानों, सबूतों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital