Bharat Express DD Free Dish

हार्ट अटैक या टॉर्चर? जेल के अंदर 7 दिन में 2 कैदियों की संदिग्ध मौत; जानें पूरा मामला

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला जेल में सात दिन के भीतर दूसरी संदिग्ध मौत से जेल प्रशासन सवालों के घेरे में है. विचाराधीन कैदी रमाकांत पटेल की मौत पर परिजनों ने मारपीट और टॉर्चर के गंभीर आरोप लगाए हैं.

रिपोर्ट-शकील अहमद सिद्दीकी


Singrauli jail suspicious death of prisoners: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की जिला जेल में लगातार दूसरी संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. पिछले हफ्ते थाना नवानगर में पुलिस रिमांड के आरोपी राम अवतार की संदिग्ध मौत के बाद अब विचाराधीन कैदी रमाकांत पटेल की मौत ने सवालों का सिलसिला तेज कर दिया है. जिसको लेकर अब परिजनों ने जेल प्रबंधन पर मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगा दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं.

रमाकांत पटेल की मौत का क्या है रहस्य?

दरअसल, रमाकांत पटेल खुटार चौकी क्षेत्र के बनौली गांव के निवासी थे. पुलिस ने उन्हें 18 दिसंबर 2025 को घर में गांजा उगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था. तब से वह विचाराधीन कैदी के रूप में जिला जेल में बंद थे. परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने कभी उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं दी. उन्हे उसी दिन अचानक फोन कर बताया गया कि उसकी तबियत खराब है लेकिन जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे उससे पहले कैदी की मौत हो गई है.

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई रणधीर पटेल का आरोप है कि जब उन्होंने भाई का शव देखा तो उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसके साथ मारपीट की गई है. जबकि अन्य परिजनों का कहना है कि रमाकांत की मौत हार्ट अटैक से नहीं, बल्कि टॉर्चर का नतीजा है.

यह भी पढ़ें: 40 साल बाद BJP को मिलेगा मुंबई का सिंहासन, कौन हैं मायानगरी की वेटिंग बॉस ऋतु तावड़े?

महज 7 दिन में दूसरी मौत

बता दें कि रमाकांत कि तरह ही पिछले हफ्ते थाना नवानगर में पुलिस रिमांड पर रहे राम अवतार की भी संदिग्ध मौत हुई थी. उस मामले की जांच अभी चल ही रताही थी कि अब ये नया मामला सामने आ गया. अब लगातार दूसरी मौत ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों के साथ व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जेलर ने क्या बताया?

जिला जेल प्रभारी ने फोन पर बताया कि आज सुबह बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जेलर के अनुसार प्राथमिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read