Sirohi accident
Sirohi accident: सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सवारियों से भरा ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ऑटो में सवार सात लोग घायल हो गए. इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही जिला अस्पताल रेफर किया गया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार ऑटो रिक्शा मनोरा से सवारियां लेकर जावाल की ओर जा रहा था. जैसे ही ऑटो जावाल बस चौराहे के समीप पहुंचा, तभी अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया. तेज मोड़ लेने के दौरान ऑटो असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया. ऑटो पलटने से उसमें बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को हादसे की सूचना दी.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही बरलूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पलटे हुए ऑटो को सीधा किया गया और उसमें फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद घायलों को निजी वाहनों की सहायता से जावाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
यह भी पढ़ें: न पेपर, न नंबर… फिर भी कोर्ट को गुमराह करने पहुंचे 4 ‘NEET अभ्यर्थी’, पकड़े गए तो निकल गई हेकड़ी
गंभीर घायलों को सिरोही किया रेफर
चौकी प्रभारी गिरधरसिंह ने बताया कि हादसे में कुल सात लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का जावाल अस्पताल में इलाज किया गया, लेकिन इनमें से दो लोगों की स्थिति गंभीर पाए जाने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सिरोही जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस टीम घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई में लगी हुई है. हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया गया.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



