Bharat Express DD Free Dish

कम दर्द, जल्दी रिकवरी और फ्री इलाज: SMS अस्पताल के CTVS विभाग ने 15 वर्षों में 2000 मरीजों को दिया नया जीवन

SMS Hospital Jaipur: SMS अस्पताल का कार्डियो-थोरेसिक एंड वास्कुलर सर्जरी CTVS विभाग अब 2000 मिनिमल इनवेसिव कार्डियक सर्जरी MICS सफलतापूर्वक पूरी करने वाला देश का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है. MICS यानी मिनिमल इनवेसिव कार्डियक सर्जरी में हृदय का ऑपरेशन 2-3 इंच के छोटे चीरे से किया जाता है. इसमें छाती की हड्डी नहीं काटी जाती.

SMS Hospital Jaipur

SMS Hospital Jaipur

SMS Hospital Jaipur: राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी सवाई मानसिंह SMS अस्पताल ने हृदय रोग इलाज के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है. SMS अस्पताल का कार्डियो-थोरेसिक एंड वास्कुलर सर्जरी CTVS विभाग अब 2000 मिनिमल इनवेसिव कार्डियक सर्जरी MICS सफलतापूर्वक पूरी करने वाला देश का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है.

MICS यानी मिनिमल इनवेसिव कार्डियक सर्जरी में हृदय का ऑपरेशन 2-3 इंच के छोटे चीरे से किया जाता है. इसमें छाती की हड्डी नहीं काटी जाती. जबकि पारंपरिक ओपन हार्ट सर्जरी में 7-8 इंच का चीरा लगाकर हड्डी काटनी पड़ती है.

15 सालों में 2000 लोगों को दिया नया जीवन

पिछले 15 वर्षों में SMS अस्पताल के डॉक्टरों ने इस तकनीक से हार्ट वाल्व रिप्लेसमेंट MVR, AVR, DVR, बाईपास CABG और जन्मजात हृदय रोग की 2000 सर्जरी सफलतापूर्वक की हैं.

MICS के फायदे:

  • कम दर्द, कम खून: छोटे चीरे से मरीज को कम तकलीफ और खून की जरूरत कम
  • संक्रमण का खतरा कम: छोटा चीरा होने से संक्रमण की आशंका घटती है
  • जल्दी रिकवरी: मरीज 2-3 दिन में चलने-फिरने लगता है और 4-5 दिन में डिस्चार्ज हो जाता है. ओपन सर्जरी में 10-12 दिन लगते हैं
  • निःशुल्क इलाज: अधिकतर ऑपरेशन राज्य सरकार की कैशलेस योजना के तहत बिल्कुल मुफ्त किए गए

SMS की अपनी तकनीक बनी वरदान

कार्डियक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ने बताया,

SMS हॉस्पिटल में होने वाली मिनिमल इनवेसिव तकनीक में सभी मरीजों की बाईपास सर्जरी सेंट्रल कैन्युलेशन से की जाती है. यह तरीका बाकी सेंटर से अलग है. इसमें मरीज को अलग जगह चीरा नहीं लगाया जाता, जिससे रिकवरी और जल्दी होती है.

उन्होंने आगे कहा कि यह गरीब मरीजों के लिए वरदान है. पहले ऐसे ऑपरेशन विदेशों और भारत के कुछ बड़े प्राइवेट अस्पतालों में ही होते थे. अब SMS में कैशलेस योजना के तहत फ्री होते हैं.

38 वर्षीय रामकुमार ने बताया कि मेरे 2 वाल्व, मिट्रल और ऑर्टिक, बदलने थे. प्राइवेट में 8 लाख का खर्च बता रहे थे. यहां छोटे चीरे से ऑपरेशन फ्री में हुआ और 6 दिन में घर आ गया.

किसकी मेहनत रंग लाई

SMS अस्पताल में MICS की शुरुआत 2011-12 में डॉ. अनिल शर्मा ने की थी. उनकी टीम में प्रो. डॉ. सुनील दीक्षित, एसोसिएट प्रो. डॉ. मोहित शर्मा, डॉ. सौरभ मित्तल और डॉ. वक्ता राम चौधरी शामिल हैं.
कार्डियक एनेस्थीसिया टीम से डॉ. रिमी मीना, कार्डियक परफ्यूजनिस्ट और नर्सिंग स्टाफ का भी बड़ा योगदान रहा.

डॉ. मृणाल जोशी, चिकित्सा अधीक्षक, एसएमएस अस्पताल ने इस उपलब्धि के लिए कार्डियक सर्जरी की पूरी टीम को बधाई दी.

इस उपलब्धि पर SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा,

एसएमएस हॉस्पिटल जयपुर के CTVS विभाग द्वारा 2000+ MICS सर्जरी पूर्ण करने पर बधाई. यह उपलब्धि सरकारी स्वास्थ्य सेवा में नए कीर्तिमान की शुरुआत है.

ये भी पढ़ें- बिहार में गिरने वाली है सम्राट सरकार! तेज प्रताप की भविष्यवाणी ने मचाई हलचल

राज्य सरकार ने SMS में अति आधुनिक वैस्कुलर इंस्टीट्यूट बनवाया है. इसी साल 212 बेड का नया केंद्र, नया ICU, ऑपरेशन थिएटर और हाइब्रिड कैथ लैब शुरू होने वाला है. इससे कार्डियक सर्जरी विभाग को और मजबूती मिलेगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read