Bharat Express DD Free Dish

पत्नी और दो बेटियों को अमेरिका में अकेला छोड़कर भाग आया सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पत्नी लड़ रही कानूनी लड़ाई

परिवार के साथ अमेरिका जाकर बसना किसी भारतीय महिला के लिए सपने के सच होने जैसा हो सकता है, लेकिन मेरठ की रहने वाली रूबी भाटी के लिए यह दुस्वप्न बन गया. सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति अजय भाटी उन्हें और दो बेटियों को अमेरिका में उनके हाल पर अकेला छोड़कर भारत भाग आया.

Edited by Vaibhav Gupta

परिवार के साथ अमेरिका जाकर बसना किसी भारतीय महिला के लिए सपने के सच होने जैसा हो सकता है, लेकिन मेरठ की रहने वाली रूबी भाटी के लिए यह दुस्वप्न बन गया. सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति अजय भाटी उन्हें और दो बेटियों को अमेरिका में उनके हाल पर अकेला छोड़कर भारत भाग आया.

रूबी की मानें तो उनका कसूर केवल इतना था कि वह पति और बाकी ससुराल वालों की बेटे की इच्छा पूरी नहीं कर पाई. अब वे पति के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए किसी तरह अमेरिका में रुके रहने की जद्दोजहद कर रही हैं.

2010 में गाजियाबाद के अजय से हुई थी शादी

फोन पर हुई बातचीत में रूबी भाटी ने बताया कि फरवरी 2010 में उनकी शादी गाजियाबाद के रहने वाले अजय भाटी के साथ हुई थी. अजय साफ्टवेयर इंजीनियर है और अमेरिका में उनकी एक बड़ी कंपनी में नौकरी लगी थी. साल 2016 में वे पति के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गई. अजय और बाकी ससुराल वाले उनसे बेटे की उम्मीद कर रहे थे, मगर एक के बाद एक दो बेटियों को जन्म दिया. इससे अजय का व्यवहार उनके प्रति बदल गया और उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

आए दिन वह उनके साथ गाली गलौज व मारपीट करने लगा. साल 2023 में अजय ने अमेरिका स्थित घर में उनके ऊपर जानलेवा हमला किया, गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की. उन्होंने पड़ोसियों के घर में शरण लेकर किसी तरह खुद को बचाया.

पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना

रूबी के अनुसार पड़ोसियों ने ही पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. अमेरिका की पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए अजय को गिरफ्तार कर लिया.अदालत में उसने अपना व्यवहार सुधारने का वादा किया. रूबी की सहमति से अदालत ने 50 हजार डॉलर के बॉंड पर उसे जमानत दी.
अदालत ने शर्त रखी कि तीन साल तक उसे निगरानी में रहना होगा, अगर पत्नी के प्रति उसका व्यवहार ठीक रहा तो तीन साल बाद उसे आरोप मुक्त कर दिया जाएगा. साथ ही हिदायत दी कि इस दौरान वह अमेरिका नहीं छोड़ सकता. जब तक अमेरिका पुलिस उसके खिलाफ रेड कॉर्नर की कार्रवाई करती, वह अमेरिका छोड़कर भारत भाग आया.

अजय के खिलाफ लड़ रही कानूनी लड़ाई

अब रूबी दो बेटियों के साथ वहां अकेली रह गई हैं. उन्हें वहां क्राइम विक्टिम वीजा मिला हुआ है. वहां वे अजय के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं, उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका पुलिस अजय को दोषी ठहराकर कभी भारत से डिपोर्ट करके ले जाएगी और सजा देगी.

उनके साथ समस्या यह है कि अगर वे एक बार भी अमेरिका छोड़ती हैं तो उनका क्राइम विक्टिम वीजा रद हो जाएगा. चूंकि अपराध अमेरिका में हुआ है, इसलिए भारतीय पुलिस अजय पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकती. वहां बने रहने के लिए वे एक कंपनी में नौकरी कर रही हैं.

ये भी पढ़ें: ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में विधायक केसी वीरेंद्र गिरफ्तार, 12 करोड़ की नकदी और 6 करोड़ के गहने-गाड़ी जब्त

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read