Bharat Express DD Free Dish

सोनम वांगचुक के अस्पताल जाते ही भड़के अभिजीत दीपके, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस बीच आंदोलन के आयोजक अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए.

Sonam Wangchuk hospitalised

Sonam Wangchuk hospitalised: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन कर रहे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की शनिवार (18 जुलाई) को अचानक तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले गई. इस घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर विवाद भी खड़ा हो गया. जिस बैनर तले यह प्रदर्शन चल रहा है, उसके आयोजक और कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए. उनका दावा है कि पुलिस सोनम वांगचुक को घसीटते हुए ले गई. उन्होंने पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा, “ये पुलिस नहीं, बल्कि RSS के गुंडे हैं.”

’60 साल के बुजुर्ग को घसीटकर ले गए’

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने सोनम वांगचुक को लेकर कहा, “सुबह 7 बजे जब मैं फ्रेश होने के लिए बाहर निकला, तो पुलिस के गुंडे यहां आ गए. उन्होंने सोनम सर को गाली देते हुए घसीट कर ले गए. 60 वर्षीय व्यक्ति, जो 20 दिनों से भूख हड़ताल पर थे और कुछ भी नहीं खाया था, उन्हें दिल्ली पुलिस जबरदस्ती घसीट कर ले गई. हमें नहीं पता कि वे उन्हें कहां ले गए हैं. जब मुझे यह खबर मिली और मैं अपने दोस्त के घर से जंतर-मंतर जा रहा था, तो पुलिस ने मुझ पर भी हमला किया. ”

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाना शुरू कर दिया. दिल्ली पुलिस का कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के इस कदम का कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति भी बन गई.

सफदरजंग अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, सोनम वांगचुक को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है. फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं, होश में हैं और उनकी स्वास्थ्य संबंधी सभी जरूरी जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनके वाइटल्स स्थिर हैं.


ये भी पढ़ें: 20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई पुलिस, जंतर-मंतर कराया खाली


20 जून से चल रहा प्रदर्शन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून 2026 से छात्रों का प्रदर्शन जारी है. इस आंदोलन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कर रही है. प्रदर्शनकारी NEET-UG समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. आंदोलन में शामिल लोग मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. साथ ही, वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read