Bharat Express DD Free Dish

वैष्णो देवी से बनिहाल जाना हुआ आसान, रेलवे ने शुरू की नई स्पेशल ट्रेन; जानें क्या है वजह?

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कटरा और बनिहाल के बीच विशेष ट्रेन सेवा (04689/04690) शुरू की, जिससे पहले दिन लगभग 1,000 से अधिक यात्रियों ने सफर किया है.

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने गुरुवार को कटरा और बनिहाल के बीच एक खास ट्रेन सेवा शुरू करके एक बार फिर से लोगों की बड़ी मदद की है. ट्रेन नंबर 04689/04690, जिसे श्री माता वैष्णो देवी कटरा – बनिहाल – श्री माता वैष्णो देवी कटरा कहा गया है. इस ट्रेन ने अपने पहले ही दिन लगभग 1,000 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव दिया.

जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर सड़क यातायात को प्रभावित कर दिया था. इस वजह से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कटरा और बनिहाल के बीच यात्रा करने में दिक्कतें आ रही थीं. इन्हीं परेशानियों को देखते हुए रेलवे ने यह विशेष ट्रेन सेवा शुरू की है.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का मुख्य मकसद दुर्गम और प्रभावित इलाकों में यात्रियों के लिए सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद परिवहन सुनिश्चित करना है. पहले दिन यात्रियों ने इस सुविधा की जमकर सराहना की और बड़ी संख्या में पर्यटक भी ट्रेन में सफर करते हुए खुश नजर आए.

क्यों पड़ी इस स्पेशल ट्रेन की जरूरत?

दरअसल, खराब मौसम की वजह से कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला इकलौता नेशनल हाईवे कई जगह बाधित है. ऐसे में हजारों लोग बीच रास्ते में फंस गए थे. यात्रियों की इसी बेबसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और कटरा-बनिहाल-कटरा रूट पर इस अनारक्षित (Unreserved) स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दी है.

आने वाले दिनों में भी सुविधा जारी

रेलवे ने बताया कि 10 अप्रैल को भी यह अनारक्षित विशेष ट्रेन कटरा और बनिहाल के बीच चलेगी. इसका मकसद अधिक से अधिक यात्रियों को राहत देना और उन्हें सुरक्षित यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराना है.

अधिकारियों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में भी यात्रियों की मांग बनी रही और मौसम की वजह से सड़कें बंद रहीं, तो इस ट्रेन के फेरे और दिनों के लिए भी बढ़ाया जा सकता हैं.

ये भी पढ़ें: ल्यारी का डर बनाम धुरंधर की दहाड़! लखनऊ की सड़कों पर शुरू हुआ पोस्टर वॉर, यूपी में चुनाव से पहले चढ़ा सियासी पारा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read