झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन
Jharkhand minister Sudivya Kumar death: झारखंड की राजनीति के लिए रविवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई. गिरिडीह से विधायक और हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें हार्ट अटैक आया था. गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही समर्थकों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई.
सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे. दोनों चुनाव उन्होंने JMM के टिकट पर जीते. संगठन में उनकी सक्रियता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनकी नजदीकी के कारण सरकार और पार्टी में उन्हें खास जिम्मेदारी मिली हुई थी.
सरकार में संभाल रहे थे कई अहम विभाग
हेमंत सोरेन सरकार में सुदिव्य कुमार सोनू नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इसके साथ ही उनके पास युवा, खेल, कला एवं संस्कृति, पर्यटन तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग भी थे. सरकार के कामकाज में उनकी भूमिका अहम मानी जाती थी. ऐसे में उनका अचानक निधन झारखंड सरकार के साथ-साथ JMM के लिए भी बड़ा झटका है.
हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख
मंत्री के निधन की खबर के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उनका जाना उनके जीवन में ऐसी कमी छोड़ गया है, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है.
देर रात अपने बड़े भाई, हमारे प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। इस खबर को स्वीकार कर पाना मेरे लिए बेहद कठिन है। सोनू भैया का जाना मेरे जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं।
सोनू भैया मेरे लिए सिर्फ एक वरिष्ठ साथी या… pic.twitter.com/rXEyPBQULo
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) September 6, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू उनके लिए केवल राजनीतिक सहयोगी नहीं थे. वह मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहने वाले, स्नेह देने वाले और मार्गदर्शन करने वाले बड़े भाई की तरह थे. हेमंत सोरेन ने झारखंड आंदोलन के दौर से सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को भी याद किया और कहा कि उन्होंने शिबू सोरेन के साथ पूरी निष्ठा से काम किया.
ये भी पढ़ें: बिहार में बाढ़ का तांडव: पटना में टूटा 2016 का रिकॉर्ड, 11 जिलों में 17 लाख लोग प्रभावित
JMM ने कहा- अपूरणीय क्षति
JMM ने भी अपने नेता के निधन पर गहरा शोक जताया. पार्टी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय जाना संगठन, सरकार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. पार्टी ने उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.
गिरिडीह में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे. अचानक हुए इस निधन से हर कोई स्तब्ध है. झारखंड की राजनीति ने एक सक्रिय और उभरते हुए नेता को खो दिया है. JMM ने अपने संदेश के अंत में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- अंतिम जोहार.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





