Sukhbir Singh Badal attacked: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक खौफनाक जानलेवा हमला हुआ है. गुरुवार को जब बादल अपने परिवार के साथ माता साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने गए थे, तभी एक निहंग सिख ने उन पर ‘कृपाण’ (धारदार हथियार) से हमला कर दिया. इस हमले के बाद इलाके में भारी हड़कंप मच गया और घायल सुखबीर बादल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गाड़ी से उतरते ही निहंग ने किया अटैक (Sukhbir Singh Badal Nanded Attack)
जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ के माता साहिब गुरुद्वारा इलाके में जैसे ही सुखबीर बादल गुरुद्वारे के अंदर जाने के लिए अपनी गाड़ी से उतरे, वहां किसी बात को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक निहंग ने अपनी कृपाण निकालकर उन पर जानलेवा वार कर दिया.
हाथ में आई चोट, सुरक्षाकर्मियों ने बचाई जान (Nanded Gurudwara Attack On Sukhbir Singh Badal)
इस अचानक हुए हमले में सुखबीर बादल के हाथों में गहरी चोट आई है. गनीमत यह रही कि बादल पर हमले की इस खौफनाक कोशिश को उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी से नाकाम कर दिया. हालांकि, अकाली दल अध्यक्ष को बचाने और हमलावर को रोकने के चक्कर में उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया है.
ये भी पढ़ें: संसद सत्र समाप्त: आखिरी दिन 1 मिनट लोकसभा, राज्यसभा 1 घंटे चली; खड़गे के बयान पर सियासत तेज
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल (Sukhbir Singh Badal admitted to Hospital)
घटना के वक्त सुखबीर बादल के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे. नांदेड़ में ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब स्थित है, जहां पंजाब सहित देशभर से सिख समुदाय के लोग मत्था टेकने के लिए आते हैं. ऐसे में एक इतने बड़े वीवीआईपी (VVIP) नेता पर सरेआम हुए इस कृपाण हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


