Bharat Express DD Free Dish

सुकमा में नक्सलियों पर कड़ा प्रहार: अमित शाह बोले- नक्सलवाद को खत्म करने का हमारा संकल्प अडिग

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुकमा में सुरक्षाबलों की कार्रवाई को नक्सलवाद पर एक और प्रहार बताया. इस ऑपरेशन में 16 नक्सली मारे गए और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए.

Amit Shah

Amit Shah Statement: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 16 नक्सलियों के मारे जाने के बाद इसे नक्सलवाद के खिलाफ सरकार के संकल्प का अहम हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करना है.

अमित शाह (Amit Shah) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नक्सलवाद पर एक और प्रहार! हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान के दौरान 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमनें 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है.” उन्होंने यह भी कहा कि “हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता, केवल शांति और विकास ही बदलाव ला सकता है.”

सुकमा में नक्सल विरोधी अभियान

सुकमा जिले के केरलापाल इलाके में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में अब तक 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. यह अभियान 28 मार्च से शुरू हुआ था, जब जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने नक्सलवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर ऑपरेशन शुरू किया.

मुठभेड़ में भारी हथियारों की बरामदगी

सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं. इन हथियारों में एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल, पॉइंट 303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल लॉन्चर और विस्फोटक पदार्थ शामिल हैं.

दो जवान घायल, अभियान जारी

इस ऑपरेशन के दौरान, डीआरजी के दो जवान घायल हो गए हैं. हालांकि, घायल जवानों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं. मुठभेड़ स्थल के आस-पास के इलाकों में फिलहाल गश्त और सर्चिंग अभियान जारी है.

पिछला ऑपरेशन: 3 नक्सली ढेर

इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को ढेर कर दिया था.

नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता

केंद्रीय गृहमंत्री ने अपने बयान में यह भी कहा कि सरकार नक्सलवाद को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और सरकार शांति और विकास के रास्ते पर काम करती रहेगी.


इसे भी पढ़ें- Sukma Encounter: सुकमा में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 16 नक्सलियों को किया ढेर


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read