सुपौल में दिनदहाड़े युवक का अपहरण
Bihar Crime News: बिहार के सुपौल से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है. भीमपुर थाना इलाके में सरेआम एक नौजवान को उठा लिया गया. मामला सिर्फ अपहरण का नहीं है, बल्कि बदमाशों ने खुलेआम गोलियां भी चलाई हैं. दिन के उजाले में हुई इस वारदात के बाद इलाके में डर का माहौल है.
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
बताया जा रहा है कि एक लड़का अपनी बाइक से कहीं जा रहा था. रास्ता था SH-91 जदिया-बलुआ वाला रोड, बेलागंज के पास का एरिया. तभी पीछे से एक कार आई और उसने सीधे बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार लड़का सड़क पर गिर पड़ा. वो कुछ समझ पाता उससे पहले ही कार से कुछ लोग उतरे और उसे जबरदस्ती खींच कर कार के अंदर डाल दिया.
विरोध करने पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
जब आसपास के लोगों ने इस घटना को देखा तो उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की. लोगों को आता देख बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और हवा में फायरिंग शुरू कर दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं. गोलियों की आवाज सुनते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. इसी मौके का फायदा उठाकर अपराधी युवक को लेकर फरार हो गए.
वायरल वीडियो ने खोली पूरी पोल
इस पूरी घटना का किसी ने अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया. अब वो वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कुछ लोग एक युवक को जबरन कार में बैठा रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर भी कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है.
कौन है अगवा हुआ युवक?
जिस युवक को अगवा किया गया है उसकी पहचान हो गई है. उसका नाम मोहम्मद जीशान खान बताया जा रहा है, उम्र करीब 20 साल. वो छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव का रहने वाला है. बेटे के अपहरण की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई है. परिवार वाले काफी परेशान हैं और पुलिस से जल्द से जल्द बेटे को वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं.
मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही भीमपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मामला बड़ा था इसलिए त्रिवेणीगंज के SDPO दिलीप कुमार और खुद सुपौल के SP शरथ आर.एस. भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और पूरी घटना को समझने की कोशिश की.
पुलिस ने क्या बताया?
सुपौल SP शरथ आर.एस. ने मीडिया को बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि कुछ बदमाश एक लड़के को कार में डालकर ले गए हैं. साथ ही डराने के लिए फायरिंग करने की बात भी सामने आई है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी गई है. जगह-जगह छापेमारी की जा रही है.
जांच के लिए बनाई गई स्पेशल टीम
पुलिस ने इस केस को सुलझाने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई है. इस टीम की जिम्मेदारी त्रिवेणीगंज SDPO को दी गई है. टीम का काम है अगवा हुए लड़के को ढूंढना और इस वारदात में शामिल लोगों को पकड़ना. पुलिस अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है.
तेजस्वी यादव का सरकार पर बड़ा हमला
इस घटना के बाद सियासत भी गरमा गई है. बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर सरकार पर जोरदार निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसा है.
सम्राट चौधरी स्टाइल में दिनदहाड़े युवक का ‘अपहरण’!
बदमाशों ने पहले बाइक में टक्कर मारी फिर फायरिंग करते हुए युवक को कार में डाल अपहरण कर लिया। 7 हत्याओं के आरोपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद है क्योंकि अपराधी भी जानते है CM हमारे ही “लीग” का है।
सरकार… pic.twitter.com/YRM4nPTGN8
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 28, 2026
ये भी पढ़ें-लो जी! युवक ने इंद्रदेव पर करा दी शिकायत, बारिश से तंग आकर DM से बोला- दिव्य संपर्क से रोक लगवाओ
तेजस्वी ने एक्स पर क्या लिखा?
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि सम्राट चौधरी के अंदाज में दिनदहाड़े युवक का अपहरण हो गया. पहले बाइक में टक्कर मारी, फिर फायरिंग करते हुए युवक को कार में डालकर ले गए. उन्होंने लिखा कि 7 हत्याओं के आरोपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं. क्योंकि अपराधी भी जानते हैं कि सीएम उन्हीं की लीग के हैं. उन्होंने ये भी कहा कि अब सरकार के मंत्री इस घटना में भी 2005 से पहले का दौर और जात-पात ढूंढने लगेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





