Bharat Express DD Free Dish

सुवेंदु अधिकारी और समिक भट्टाचार्य ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की मुलाकात, विकास कार्यों पर हुई बातचीत

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्यसभा सदस्य समिक भट्टाचार्य ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से संसद भवन में मुलाकात की है.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने संसद भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की. इस बैठक की जानकारी वित्त मंत्री के कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई. मुलाकात के दौरान राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई.

इससे पहले सुवेंदु अधिकारी ने एनसीपीआई (नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया) के सांसदों के साथ हुई बैठक का भी जिक्र किया था. उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री से मुलाकात से पहले बंगाल भवन में एनसीपीआई के करीब 20 सांसदों के साथ दोपहर के भोजन का आयोजन किया गया था. इस दौरान सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को सामने रखा और कई सुझावों पर चर्चा हुई.

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य विभिन्न विषयों को समझना और सांसदों की जरूरतों व सुझावों पर विचार करना था. उन्होंने कहा कि सांसदों की ओर से रखे गए प्रस्तावों और संभावनाओं को ध्यान से सुना गया है, ताकि आगे की दिशा तय की जा सके.

बैठक के बाद एनसीपीआई सांसद यूसुफ पठान ने बताया कि बातचीत में सबसे प्रमुख मुद्दा 27 लाख नामों को हटाए जाने का है. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर चर्चा हुई और उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि जो लोग अदालत में अपील कर रहे हैं, उनके मामलों पर उचित तरीके से विचार किया जाएगा.

वहीं, एनसीपीआई सांसद रचना बनर्जी ने बैठक को सकारात्मक और उपयोगी बताया. उन्होंने कहा कि सभी सांसदों की मौजूदगी में हुई इस चर्चा में संसदीय क्षेत्रों के विकास से जुड़े विषयों पर खास तौर पर बातचीत हुई. उनके मुताबिक, कई उपयोगी सुझाव सामने आए हैं, जिन पर आगे काम करने की जरूरत है.

सांसदों ने की सुवेंदु अधिकारी की कार्यशैली की तारीफ

एनसीपीआई सांसद प्रसून बनर्जी ने भी बैठक को लेकर संतोष जताया. उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी लगातार लोगों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क बनाए रखते हैं. उन्होंने अधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वह सभी को सहयोग देने और काम करने का अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश करते हैं.

एनसीपीआई सांसद जून मालिया ने भी मुख्यमंत्री से हुई बातचीत को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी ने भरोसा दिया है कि यदि सांसदों को किसी प्रशासनिक समस्या या किसी तरह की रुकावट का सामना करना पड़ता है, तो वह मदद के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे.

जून मालिया के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी ने एनसीपीआई और एनडीए से जुड़े सभी सांसदों को आश्वासन दिया है कि अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी. बैठक के बाद सांसदों ने इसे सहयोग और संवाद बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम बताया है.

यह भी पढ़ें- कांवड़ लेकर लौट रही महिला को रास्ते में उठा दर्द, जिला अस्पताल में जुड़वा बेटों को दिया जन्म; देखें वायरल Video

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read