Tej Pratap Yadav FIR: बिहार की राजनीति में ‘गैंगवार’ जैसी एक नई सियासी स्क्रिप्ट लिखी जा रही है. जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने देर रात पटना के सचिवालय थाने पहुंचकर ऐसा बवाल काटा है, जिसने पूरे बिहार में हड़कंप मचा दिया है. तेज प्रताप ने आकाश यादव (अनुष्का यादव के भाई) के खिलाफ हत्या की साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने की FIR दर्ज करवा दी है. उन्होंने दावा किया है कि ये साजिश सिर्फ उनके खिलाफ नहीं, बल्कि बीमार चल रहे उनके पिता ‘लालू प्रसाद यादव’ के खिलाफ भी रची जा रही है.
‘मुझे और पिता को मारना चाहते हैं’ (Tej Pratap Yadav Murder Plot)
मीडिया से बात करते हुए तेज प्रताप यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर था. उन्होंने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि जब उन्होंने आकाश यादव के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की, तो उसके ठीक बाद 4 गुंडे जबरन उनके घर में घुस आए. सुरक्षा कम होने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह सीधे मुख्यमंत्री (CM) से जाकर मिलेंगे. तेज प्रताप ने कहा-
‘ये लोग मेरी हत्या करने के इरादे से आए थे. आकाश यादव मेरी और मेरे पिता लालू जी की हत्या करवाना चाहता है. मेरी छवि खराब करने की बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है.’
लॉरेंस बिश्नोई की धमकी का राज?
तेज प्रताप ने आकाश यादव के उन आरोपों की धज्जियां उड़ा दीं, जिनमें आकाश ने दावा किया था कि तेज प्रताप ने उन्हें ‘लॉरेंस बिश्नोई’ (Lawrence Bishnoi) के नाम से धमकी दिलवाई. गुस्से में लाल तेज प्रताप ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई ने तो पप्पू यादव को धमकी दी थी, जो फर्जी निकली. ई बड़का नेता बना है? इसने खुद ही पैसे खर्च करके अपने आप को कॉल करवाया होगा. ये आकाश यादव ‘गंजेड़ी’ है और शराब पीकर मेरे सेक्रेटरी के फोन पर मेरे माता-पिता को गालियां देता है.
भेजा सुप्रीम कोर्ट का नोटिस
तेज प्रताप ने पुरानी बातें खोलते हुए कहा कि आकाश यादव को पूरे बिहार में कोई नहीं जानता था. वो यादव था, इसलिए हमने उसे पूछ लिया. जब कभी वो 5-10 लाख मांगता था, हम दे देते थे. तेज प्रताप ने बताया कि आकाश के घर जाने और बाथरूम इस्तेमाल करने वाली सारी बातें 100% फर्जी हैं. उन्होंने आकाश यादव और उसके 4-5 लोगों के ‘शराब गैंग’ का पूरा कच्चा-चिट्ठा खोलते हुए कहा कि उन्होंने 7 तारीख को ही सुप्रीम कोर्ट से मानहानि का लीगल नोटिस भिजवा दिया है.
ये भी पढ़ें: ‘एक फूटी कौड़ी नहीं मिलेगी…’, मोजतबा खामेनेई के बयान पर भड़के ट्रंप, क्या टूट जाएगी अमेरिका-ईरान डील?
तेजस्वी आएंगे साथ? (Tej Pratap press conference)
तेज प्रताप और आकाश यादव के बीच चल रहे इस मुकदमों के ‘महा-युद्ध’ में तेज प्रताप को अब अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव का इंतजार है. उन्होंने साफ कहा है कि भाई पर विपत्ति आती है, तो दूसरा भाई खड़ा हो जाता है. हो सकता है प्रेस कॉन्फ्रेंस सुनकर तेजस्वी जी मेरे साथ खड़े हों. अब देखना यह है कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में आकाश यादव के खिलाफ क्या एक्शन लेती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

