Bihar News: आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव 24 दिनों की विदेश यात्रा पूरी कर पटना पहुंचे. वापसी के तुरंत बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला और सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए.
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर नाराज़गी
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पटना समेत कई जिलों में छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज हुआ और बड़ी संख्या में युवाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह का दमन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा.
सरकार पर भ्रष्टाचार का ठीकरा
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार अपराधियों और भ्रष्टाचारियों की शरणस्थली बन चुकी है. उन्होंने इसे तानाशाही करार देते हुए दावा किया कि बिहार की स्थिति तभी सुधरेगी जब इस सरकार को हटाया जाएगा.
आंदोलन की चेतावनी
तेजस्वी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर कल तक छात्रों पर दर्ज सभी केस वापस नहीं लिए गए और गिरफ्तार युवाओं को रिहा नहीं किया गया तो पूरे बिहार में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा. उनके इस अल्टीमेटम से सियासी माहौल गरमा गया है.
तेज प्रताप की गिरफ्तारी पर सवाल
तेजस्वी ने यह भी बताया कि उनके बड़े भाई और विधायक तेज प्रताप यादव समेत कई नेताओं पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेजा गया है. तेज प्रताप को शनिवार को पटना में छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया. उनके वकील का कहना है कि गिरफ्तारी धरना स्थल से नहीं बल्कि शॉपिंग मॉल से की गई, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें-पहले दिन ही एक्शन मोड में नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, अधिकारियों संग की अहम बैठक, जानें क्या हुआ?
अब सबकी नजरें सरकार पर
तेजस्वी के बयान और अल्टीमेटम के बाद अब सबकी निगाहें सरकार के अगले कदम पर हैं. क्या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी छात्रों पर दर्ज केस वापस लेंगे या फिर बिहार में एक बड़े आंदोलन की शुरुआत होगी, यही देखना बाकी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

