TMC Internal Crisis
TMC Internal Crisis: पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर बड़ा निशाना साधा है. पार्टी के भीतर बढ़ती अंदरूनी कलह और बगावत की खबरों के बीच भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा करते हुए टीएमसी की स्थिति पर तंज कसा है.
प्रदीप भंडारी द्वारा शेयर की गई तस्वीर में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा, सायोनी घोष, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य मेनका गुरुस्वामी और पत्रकार एवं राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष की तस्वीरें दिखाई गई हैं. तस्वीर के ऊपर बड़े अक्षरों में ‘मिसिंग’ लिखा गया है, जबकि टाइटल में ‘लापता लेडीज’ का जिक्र है.
इस ‘एक्स’ पोस्ट के साथ प्रदीप भंडारी ने कैप्शन में लिखा, “नाऊ यू सी मी, नाऊ यू डॉन्ट.” इसका हिंदी मतलब यह है कि अभी दिख रहे थे, अब नजर नहीं आ रहे. उनकी इस पोस्ट को पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
टीएमसी में खुलकर सामने आया असंतोष
दरअसल, भाजपा की ओर से यह निशाना ऐसे समय में साधा गया है, जब पश्चिम बंगाल में टीएमसी को चुनावी झटके का सामना करना पड़ा और पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा. सायोनी घोष विधानसभा चुनाव में टीएमसी की स्टार प्रचारक के रूप में सक्रिय थीं और पार्टी की वापसी को लेकर लगातार दावे कर रही थीं. वहीं, महुआ मोइत्रा ने भी चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
इसके अलावा मेनका गुरुस्वामी ने टीएमसी और पश्चिम बंगाल सरकार से जुड़े कई अहम मामलों में सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की थी, जबकि सागरिका घोष भी चुनावी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रही थीं.
टीएमसी की तरफ से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
हालांकि, प्रदीप भंडारी के एक्स पोस्ट पर टीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक रिएक्शन सामने नहीं आया है.
ये भी पढ़ें- क्या डूब गई ममता की TMC? बंगाल में पहली बार जीते विधायक ने कुछ ही हफ्तों में कैसे जुटाए 60 बागी… जानें इनसाइड स्टोरी
इसी बीच टीएमसी के लिए संकट और गहराता दिखाई दे रहा है. कोलकाता के मेयर और पार्टी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वहीं, पार्टी के भीतर बगावत भी अब खुलकर सामने आ गई है.
ताजा जानकारी के अनुसार, 80 में से 58 टीएमसी विधायकों के एक समूह ने औपचारिक रूप से ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा दल का नया नेता बनाने का समर्थन किया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
